उपायुक्त सचिन गुप्ता बोले- मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए घर-घर जाकर होगा सत्यापन
माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की शुरुआत 15 जून से होगी। भारत निर्वाचन आयोग तथा हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार 14 जुलाई तक गणना एवं सत्यापन कार्य पूरा किया जाएगा।
अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना तथा मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाकर पात्र मतदाताओं का सही रिकॉर्ड तैयार करना है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने बताया कि अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और आवश्यक दस्तावेजों की जांच करेंगे। आयोग के निर्देशों के अनुसार किसी भी मतदाता का नाम बिना उचित जांच और सुनवाई का अवसर दिए सूची से नहीं हटाया जाएगा।
एसआईआर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2002 की मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर उपलब्ध है, जहां मतदाता अपने विवरण की जांच कर सकते हैं।
राज्य के बाहर से स्थानांतरित होकर आने वाले नागरिकों को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रपत्र-6 के साथ अतिरिक्त घोषणा-पत्र भी जमा करना होगा। मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला कॉल सेंटर 1950 को सक्रिय किया गया है।
यदि कोई व्यक्ति निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) के निर्णय से असंतुष्ट है तो वह पहले जिला मजिस्ट्रेट और उसके बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपील कर सकता है।
सचिन गुप्ता ने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान वोट घटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि मृत व्यक्तियों और दोहरे नामों को हटाकर पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने की वैधानिक प्रक्रिया है।
उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 326 के अनुसार केवल भारतीय नागरिक ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के पात्र हैं। आयोग का दायित्व है कि कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो और कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने जिले के मतदाताओं, विशेषकर युवाओं से अभियान में सहयोग करने और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में योगदान देने की अपील की।