संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। जिले के विश्वकर्मा क्रिकेट मैदान में शनिवार को खेले गए मैच में मास्टर धर्मपाल क्रिकेट अकादमी एकादश ने गोयल क्रिकेट क्लब एकादश को 41 रन से हराया। परीक्षित को मैन ऑफ द मैच व सौरव शर्मा को बेस्ट बल्लेबाज चुना गया। गोयल एकादश की ओर से सौरव शर्मा ने शानदार शतक लगाया। इसके बावजूद उनकी टीम मैच हार गई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मास्टर एकादश की टीम 48.4 ओवर में 232 रन पर ऑलआउट हो गई। मास्टर एकादश की ओर से रेयान दहिया ने 54, सागर ने 33, ध्रुव ने 28 व वैभव ने 25 रन बनाए। गोयल एकादश की ओर से मयंक व अभिनव ने तीन-तीन विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए गोयल एकादश 191 रन ही बना सकी। गोयल एकादश की ओर से शानदार बल्लेबाजी करते हुए सौरव शर्मा ने 78 गेंदों पर 15 चौकों व एक छक्के की मदद से 103 रन बनाए। मयंक ने 27 व हर्ष ने 18 रन बनाए। मास्टर एकादश की ओर से परीक्षित ने तीन व विख्यात व ध्रुव शर्मा ने दो-दो विकेट लिए।