एमडीयू में चल रही अंतर महाविद्यालय महिला वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को भी जारी। इसमें हिंदू कॉलेज सोनीपत और टीकाराम कॉलेज सोनीपत की टीम ने बाजी मारी, जबकि रोहतक और भिवानी को हार मिली।
खेल निदेशक डॉ. डीएस ढुल ने बताया कि प्रतियोगिता का पहला मैच राजीव गांधी राजकीय कन्या महाविद्यालय भिवानी और हिंदू कॉलेज सोनीपत के बीच खेला गया। भिवानी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 87 रन बनाए। सोनीपत की टीम ने 11 ओवर में 88 रन बनाकर मैच में जीत हासिल की। सोनीपत की टीम में रीतू ने 20 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि निलिया ने सर्वाधिक 22 रन बनाए।
दूसरा मैच राजकीय महाविद्यालय रोहतक और टीकाराम कन्या महाविद्यालय सोनीपत के बीच रहा। रोहतक ने पहले टॉस जीतकर प्रतिद्वंद्वी को बल्लेबाजी का मौका दिया। टीकाराम सोनीपत की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 192 रनों का लक्ष्य रखा। रोहतक टीम 17 ओवर में मात्र 76 रन पर सिमट गई। सोनीपत की पूजा ने 42 गेदों में 81 रन और सोनिया ने 20 गेंद में सर्वाधिक 31 रन बनाए। प्रियंका ने सर्वाधिक विकेट लेकर टीम को जीत तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खेल निदेशक ने बताया कि शुक्रवार को भी मैच खेले जाएंगे। इस मौके पर मैनेजर देवेंद्र किराड, सुनीता, सुनित, मांगेराम, शक्ति सिंह, अमित कुमार, मनोज गोयल आदि मौजूद रहे।