52-फतेहपुरी कॉलोनी में रहने मोहित के साथ मौजूद मां सोनू देवी बड़े भाई निरंजन और बहन मनीषा। स्रो
रोहतक। भिवानी रोड स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र मोहित ने सीबीएसई 12वीं कक्षा (आर्ट्स) में 94.4 प्रतिशत अंक हासिल कर न केवल स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया बल्कि अपनी मेहनत से गरीबी को मात देकर एक मिसाल पेश की है।
फतेहपुरी कॉलोनी में रहने वाले मोहित की कहानी बेहद संघर्षपूर्ण है। जब मोहित मात्र ढाई महीने के थे, तब 2006 में एक सड़क हादसे में पिता संजय कुमार का साया उनके सिर से उठ गया था। मां सोनू देवी ने हार नहीं मानी और दिहाड़ी मजदूरी कर मोहित के साथ-साथ उनके बड़े भाई निरंजन और बहन मनीषा को पढ़ाया।
आर्थिक तंगी के बावजूद मां ने बच्चों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। परिवार मूल रूप से फतेहपुरी कॉलोनी में किराये के मकान में रहता था लेकिन मेहनत की कमाई से अब अपना घर लिया है।
आईएएस बनकर मां के संघर्ष को सफल बनाना है लक्ष्य
अपनी सफलता का श्रेय मां और शिक्षकों को देने वाले मोहित ने बताया कि 10वीं तक की पढ़ाई जनसेवा संस्थान स्कूल से की थी। यहां 92 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं कक्षा के टॉपर रहे थे। अब 12वीं में 94.4 प्रतिशत अंकों के साथ उन्होंने यह साबित कर दिया है कि लगन से कुछ भी हासिल किया जा सकता है। मोहित का मुख्य लक्ष्य आईएएस बनना है। मोहित आगे की पढ़ाई के लिए एलएलबी में भी दाखिला लेंगे ताकि कानूनी ज्ञान हासिल कर सकें।
———-
वर्जन
विद्यालय का परिणाम हर संकाय में बेहतर रहा है। कला संकाय में मोहित व अन्य विद्यार्थियों की शानदार उपलब्धि विद्यालय व परिवारजनों के लिए खुशी का क्षण है। मोहित को किसी प्रकार की मदद की आवश्यकता पड़ेगी तो विद्यालय प्रबंधन अपना पूरा सहयोग करेगा।
- अरुणा नांदल, प्राचार्य, भिवानी रोड मॉडल संस्कृति विद्यालय