रोहतक। 12वीं गणित विषय के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा तक समय का सदुपयोग करने की जरूरत है। रटें नहीं, कॉन्सेप्ट को समझें। पिछले सात वर्षों के प्रश्न पत्र जरूर हल करें, सवाल रिपीट होते हैं। सभी अध्यायों के सूत्र एक अलग कॉपी में लिखें। रोज 10 मिनट दोहराएं।
यह सुझाव है शिक्षा विभाग में जिला गणित विशेषज्ञ दीपक अरोड़ा का। उनका कहना है कि सबसे पहले आसन अध्याय अच्छे से करें उसके बाद मुश्किल अध्याय की ओर जाएं। एनसीईआरटी के उदाहरण व अभ्यास प्रश्न हल करें। पिछले 7 वर्षों के पेपर हल करें।
विशेषज्ञ दीपक अरोड़ा का कहना कि कक्षा 12वीं की गणित बोर्ड परीक्षा के लिए आसन व स्कोरिंग वाले अध्यायों पर अभी से ध्यान देने की जररूत है। हर चैप्टर के बेसिक कॉन्सेप्ट्स (जैसे बीजगणित, प्रायिकता) को मजबूत करें।
ज्यादातर प्रश्न एनसीईआरटी पर आधारित होते हैं। इसलिए सभी उदाहरण और अभ्यास (एक्सरसाइज) को कम से कम 2-3 बार हल करें। पिछले सालों के प्रश्नपत्रों से परीक्षा पैटर्न और समय प्रबंधन में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सिलेबस को छोटे हिस्सों में बांटें और हर दिन कुछ टॉपिक्स पूरा करने का लक्ष्य रखें। नियमित रूप से खुद का टेस्ट लें और कमजोर विषयों की पहचान कर उन पर काम करें।
महत्वपूर्ण टॉपिक्स और फॉर्मूलों के नोट्स बनाएं और सोने से पहले या पढ़ाई के बीच में रिवाइज करें।
-
रिलेशन एंड फंक्शन व इन्वर्स ट्रिगोनोमेट्रिक फंक्शंस से मिलते हैं 10 अंक
विशेषज्ञ दीपक अरोड़ा बताते हैं कि गणित विषय के रिलेशन एंड फंक्शन व इन्वर्स ट्रिगोनोमेट्रिक फंक्शंस से 10 अंक, मैट्रिक्स एंड डिटर्मिनेंट्स से 10 अंक, कंटिन्यूटी एंड डिफरेंशिएशन से करीब 6-8 अंक, वेक्टर एंड थ्री डायमेंशनल ज्योमेट्री से 12 अंक, लीनियर प्रोग्रामिंग से 5 अंक और प्रोबेबिलिटी से 9 अंकों के सवाल आते हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा के समय पहले सरल प्रश्नों से शुरुआत करें बाद में कठिन पर जाएं। किसी एक प्रश्न पर अधिक समय न लगाएं। पहले सूत्र लिखें फिर प्रश्न हल करें जिस प्रश्न में चित्र की जरूरत हो वहां साफ चित्र बनाए। बहु विकल्पीय प्रश्नों के उत्तर सभी विकल्पों को ध्यान से पढ़ कर दें। ग्राफ वाले प्रश्न को ग्राफ पेपर पर ही बनाएं। अंत में 10-15 मिनट दोहराई के लिए रखें।
टॉपर्स टिप्स : अंक : 100/100
फोटो : 09
पुराने प्रश्न पत्रों को बार-बार दोहराया। परीक्षा से पहले अध्यापकों की ओर से दिए महत्वपूर्ण प्रश्नों व चैप्टरों का अभ्यास किया। रोज दो घंटे गणित को समय दिया। ज्यादा से ज्यादा मॉक टेस्ट दें। कठिन प्रश्नों को कॉपी में लिखना चाहिए। मैंने फार्मूलों की अलग से नोट बुक बनाई थी जिससे काफी सहायता मिली।
-परी, राजकीय कन्या विद्यालय खरकड़ा, महम से उत्तीर्ण।
टॉर्प्स टिप्स : अंक : 97/100
फोटो : 02
मैंने सिलेबस से जुड़े 10 मॉक टेस्ट दिए। चैप्टर वाइज भी मॉक टेस्ट दिए हैं। कमजोर चैप्टर का अभ्यास किया। बोर्ड परीक्षा से 15 दिन पहले भी पुराने प्रश्नपत्रों को बार-बार दोहराया और हल किया। पुराने प्रश्नपत्रों से यह फायदा हुआ कि बार-बार वही प्रश्न रिपीट हो रहे हैं।
-सन्नी भारद्वाज, सिंहपुरा खुर्द निवासी।
01...दीपक अरोड़ा, जिला गणित विशेषज्ञ, शिक्षा विभाग
01...दीपक अरोड़ा, जिला गणित विशेषज्ञ, शिक्षा विभाग