रोहतक। एमडीयू के गेट नंबर दो के नजदीक बाइक सवार दो युवक झपटा मारकर एक कोचिंग सेंटर संचालक का मोबाइल फोन छीनकर ले गए। संचालक राजस्थान के चूरू निवासी अर्नव राठौड़ ने राहगीर की मदद से एक युवक को काबू कर लिया, जबकि दूसरा फरार होने में कामयाब रहा। दोनों आरोपी युवक सांपला के रहने वाले हैं। पीजीआई थाना पुलिस ने झपटमारी का केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक अर्नव राठौर ने दी शिकायत में बताया कि वह राजस्थान के चूरू जिले के गांव ठिमाऊ का रहने वाला है। उसका सेक्टर-14 में कोचिंग सेंटर है। वीरवार रात करीब आठ बजकर 40 मिनट पर अपने दोस्त सुनील निवासी मोखरा के साथ पैदल एमडीयू के गेट नंबर 2 से मेडिकल मोड़ की तरफ जा रहा था। रास्ते में किसी का फोन आया तो वे सुनने लगा। इसी बीच पीछे से बाइक पर दो युवक आए और पीछे बैठे युवक ने झपटा मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया। उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर राहगीर की बाइक पर बैठकर युवकों का पीछा किया। युवकों ने मेडिकल मोड़ पर बाइक वापस दिल्ली रोड की तरफ भागने का प्रयास किया। इससे उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। उन्होंने एक युवक पवन निवासी सांपला को पकड़ लिया, जबकि उसका दोस्त सूरज निवासी रोहतक रोड सांपला मोबाइल लेकर फरार हो गया। पकड़े गए युवक व बाइक को पुलिस के हवाले कर दिया।