फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक ही रात में छह दुकानों के उखाड़े शटर

विज्ञापन
चोरी के बाद मौके पर पहुंचे पालिका बाजार के दुकानदार। - फोटो : RohtakCity
विज्ञापन
शहर के पालिका बाजार और बाबरा बाजार में बुधवार देर रात चोर छह दुकानों के शटर उखाड़ कर करीब 1 लाख 29 हजार की नकदी व सामान चुरा ले गए। इनमें से चार दुकानें पुलिस थाने से सिर्फ 250 मीटर दूर हैं। पालिका बाजार में फर्नीचर, दवा, क्लिनिक व बाबरा बाजार में हलवाई व पनवाड़ी की दुकान का शटर उखाड़ा। वहीं, पालिका बाजार की दो दुकानों में भी चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन सफल नहीं हो सके। सूचना मिलने पर पुलिस व फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम मौके पर पहुंची और जरूरी तथ्य जुटाए। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे। वहीं, पालिका बाजार व्यापारी एसोसिएशन के प्रधान गुलशन निझावन ने कहा कि चोरी की घटना ने सभी को चिंता में डाल दिया है। व्यापारी पहले ही लॉकडाउन की मार झेल रहे हैं। अब चोरों ने उत्पात शुरू कर दिया। इससे तो व्यापारियों व दुुकानदारों की कमर ही टूट जाएगी। कमाई है नहीं, नुकसान और हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन व्यापारियों की सुरक्षा के बेहतर व पुख्ता कदम उठाए।
विज्ञापन

सुबह दुकान संभालने आए तो चोरी का पता लगा
पालिका बाजार के कुछ दुकानदार रोज अल सुबह अपनी दुकान संभालने आते हैं। वीरवार सुबह दुकानदार पहुंचे तो फर्नीचर व दवा की दुकानों के शटर उखड़े मिले। सूचना मिलने पर पुलिस और अन्य दुकानदार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस की फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने मौके पर पहुंच कर हर चीज को बारीकी से जांचा। इस दौरान गल्ले, काउंटर व शीशे से कुछ फिंगर प्रिंट मिले। इन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया गया है।
पालिका बाजार में डेढ़ साल पहले भी हुई थी चोरी
शहर के पालिका बाजार में करीब डेढ़ साल पहले भी चोरी हुई थी। उस समय दुकान से महंगे मोबाइल चोरी हुए थे। पुलिस ने चोरों को पकड़ने के लिए 25 हजार रुपये का इनाम रखा था। इसके चलते चोरियों का खुलासा जल्दी ही हो गया था।
विज्ञापन

रात ड्यूटी पर नहीं था चौकीदार
पालिका बाजार का चौकीदार बुधवार रात ड्यूटी पर नहीं था। वीरवार सुबह चौकीदार रासबिहारी ने बताया कि तबीयत खराब होने की वजह से ड्यूटी पर नहीं आया। इस बारे में ठेकेदार को बताने के लिए फोन भी किया था, मगर बात नहीं हुई। सुबह ठेकेदार ने ही मुझे यहां बुलाया।
हलवाई की दुकान में बैठकर चखा मिठाइयों का स्वाद
बाबरा बाजार चौक स्थित सुरेश हलवाई की दुकान का शटर उखाड़ कर अंदर दाखिल हुए चोर यहां से 2700 रुपये चुरा ले गए। यही नहीं, दुकान में बैठ कर आराम से मिठाइयों का स्वाद भी चखा। इसके पास ही नरेंद्र जैन पान भंडार में घुस कर चोर 27 हजार रुपये व दूसरा सामान चुरा ले गए। यहां करीब 35 हजार रुपये का नुकसान बताया गया है। यही नहीं चोर बेहद शातिर नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि पान भंडार पर लगे सीसीटीवी में खुद के कैद होने का पता लगने पर यहां का डीवीआर सिस्टम ही उखाड़ कर ले गए।
चोरों ने भगवान का मंदिर भी नहीं बख्शा, चांदी की मूर्ति व सिक्के भी ले गए
चोरों ने भगवान का मंदिर भी नहीं बख्शा। दुकान का शटर तोड़ा। तीन गल्लों को तोड़ कर कैश निकाल लिया। फिर भगवान के मंदिर में रखी लक्ष्मी गणेश की चांदी की मूर्ति और सात चांदी के सिक्के भी चुरा ले गए। चोरों को भगवान का भी डर नहीं है। यह कहना है दवा विक्रेता अमित जैन का। अमर उजाला से हुई बातचीत में दवा विक्रेता ने कहा कि दुकान में 20 हजार रुपये रखे थे। इसके बाद दवा विक्रेता ने अपनी बिखरी दुकान को संवारना शुरू किया।
पहले से थी कैश की भनक, जानकार की ओर इशारा
गल्ला उखाड़ा है। चेकबुक भी फाड़ रखी है। देखो, सब बिखरा पड़ा है। दुकान का शटर खोलने पर शीशे से अंदर झांकते हुए फर्नीचर व्यापारी संजय सिक्का यही बोले। पुलिस व फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट अंदर गए और जांच शुरू की। फर्नीचर व्यापारी ने बताया कि चोर एक शटर तोड़ कर अंदर घुसे और दूसरे से बाहर निकले। दुकान में इतना सामान भरा था कि चलना मुश्किल है। इसके बावजूद अंधेरे में चोर दूसरे शटर के साथ रखे काउंटर तक पहुंचा और गल्ला तोड़ कर 80 हजार रुपये चुरा ले गया। यह रकम बुधवार को ही आई थी। इसके बारे में चोर को शायद पहले से पता था। रेकी का भी शक जताया है।
गनीमत है हम बच गए
पुलिस टीम यहां से डॉ. सुनील मुंझाल के निजी क्लिनिक पहुंची। यहां शटर सीधा कर उसे खोला। अंदर का सामान दुरुस्त मिला। गल्ला भी ठीक था। इसके बाद क्लिनिक पर मौजूद लोगों ने कहा कि यहां कुछ नहीं हुआ। अच्छा है सब ठीक है। इसके बाद पुलिस फर्नीचर की दूसरी दुकान पर पहुंचे। फर्नीचर व्यापारी मुकेश ने बताया कि बड़ी मुश्किल से शटर सीधा कर दुकान खोली तो अंदर सब ठीक-ठाक मिला। सामान पहले की तरह था। चोर के नीचे से अंदर नहीं घुस पाया। अच्छा हुआ हम बच गए।

पालिका बाजार में चार दुकानों का शटर तोड कर हुई चोरी दवा की दुकान में चोरी के बाद जांच करते फिंगर प्- फोटो : RohtakCity

पालिका बाजार में चार दुकानों का शटर तोड़ सामान उड़ाया। - फोटो : RohtakCity

पालिका बाजार में चोरी के बाद टूटै शटर को देखता दुकानदार। - फोटो : RohtakCity

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें