दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय छठी जूनियर वॉलीबाल चैंपियनशिप का खिताब सिरसा और झज्जर के नाम रहा। चैंपियनशिप के आखिरी दिन लड़कों के वर्ग में सिरसा ने भिवानी और लड़कियों के वर्ग में झज्जर ने जींद को हराया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि बरोदा विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
राजीव गांधी खेल स्टेडियम में खेली गई चैंपियनशिप के आखिरी दिन रविवार को लड़की वर्ग के क्वार्टर फाइनल मैचों में जींद ने कैथल को 2-0, भिवानी ने हिसार को 2-0, सोनीपत ने रोहतक को 2-0 से हराया। इसके बाद दूसरे राउंड के मैचों में जींद ने करनाल को 2-0, भिवानी ने हिसार को 2-0, झज्जर ने सोनीपत को 2-0 और जींद ने भिवानी को 2-1 से हराया।
इसी तरह पुरुष वर्ग के क्वार्टर और सेमीफाइनल मैचोें में करनाल ने भिवानी को 2-0, महेंद्रगढ़ ने कुरुक्षेत्र को 2-1, साई भिवानी ने झज्जर को 2-1, रोहतक ने रेवाड़ी को 2-0 आौर भिवानी ने डीएसए भिवानी को 2-0 से हराया। दूसरे राउंड के मैचों मेें सिरसा ने रोहतक को 2-0, एनवीए दादरी ने साई भिवानी को 2-0, भिवानी ने महेंद्रगढ़ को 2-1 और साई कुरुक्षेत्र ने करनाल को 2-0 से हराया।
फाइनल में सिरसा और झज्जर की टीमों ने किया कमाल
चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबलों में सिरसा और झज्जर की टीमों ने शानदार खेल दिखाया। लड़की वर्ग में झज्जर की टीम ने जींद को हरा कर खिताब पर कब्जा किया। जबकि लड़कों के वर्ग में सिरसा ने भिवानी को मात देकर जीत हासिल की।
इसके अलावा लड़कों के वर्ग में भिवानी दूसरे, चरखीदादरी की नेशनल वॉलीबाल एकेडमी की टीम तीसरे पर रही। जबकि लड़की वर्ग में जींद दूसरे, सोनीपत तीसरे स्थान पर रहा। सिरसा के शाह सतनाम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए व्यक्तिगत खिताबों में पहला स्थान हासिल किया।