रोहतक। शहर के सुखपुरा चौक पर निर्माणाधीन 1175 मीटर लंबे फ्लाईओवर की एक पीयर कैप शटरिंग धंसने से टूट गई। ऐसे में पीयर कैप दोबारा बनानी होगी। इसकी वजह शटरिंग की वेल्डिंग खुलना बताया जा रहा है। ऐसे में गार्डर व स्लैब रखने की तैयारी कर रहे पीडब्ल्यूडी विभाग व ठेका कंपनी की निर्माण संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं।
सोमवार को सुखपुरा चौक पर निर्माणाधीन पुल के एक पिलर की शटरिंग धंसने से पीयर कैप टूटने की चर्चा गरमाई रही। पिलर बनने के बाद यहां पीयर कैप लगाई जा रही हैं। इस पीयर कैप के बेकार होने से निर्माण पर सवाल उठने लगे हैं।
अभी यहां गार्डर लगाने व स्लैब रखने का काम बाकी है। इसके बाद ही पुल निर्माण पूरा होगा। निर्माण पर सवाल उठाने वाले इलाके के लोगों का कहना है कि पुल में प्रयोग होने वाली निर्माण सामग्री की जांच की जानी चाहिए। अधिकारियों को इस मामले में चौकन्ना रहते हुए सैंपल लेने चाहिए। इससे गुणवत्ता बनी रहेगी। कंपनी पर भी बेहतर काम करने का दबाव रहेगा।
सुखपुरा चौक पर निर्माणाधीन पुल 1175 मीटर होगा। 36 पिलर के पुल में 75 मीटर का स्लैब डाला जाएगा। पुल के 90 प्रतिशत गार्डर बनकर तैयार हैं। इस वर्ष के अंत तक पुल निर्माण पूरा होने की उम्मीद है। जुलाई 2024 में एचएसआरडीसी (हरियाणा स्टेट रोड्स एंड ब्रिग्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन) ने फ्लाईओवर का निर्माण शुरू किया। साल के अंत तक निर्माण पूरा किया जाना है।
वर्जन
सुखपुरा चौक पुल की एक पीयर कैप शटरिंग धंसने से बेकार हो गई। अब इसे नए सिरे से बनाया जाएगा। शटरिंग की वेल्डिंग खुलने से ऐसा हुआ है। कंपनी को बेहतर निर्माण के लिए कहा गया है।
- उदयवीर झांझड़िया, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर।
फ्लाईओवर एक नजर में
- 1175 मीटर होगी लंबाई।
- 75 मीटर लंबी स्लैब लगेगी।
- 36 पिलर पर उठेगा पुल।
- 10 मीटर रहेगी पुल की चौड़ाई।
- 5.5 फीट चौड़ी सड़क पिलर के दोनों ओर बनेगी।
- 90 प्रतिशत गार्डर बनकर तैयार।