30 नगर निगम में बिजली गुल होने पर छाया अंधेरा। संवाद
रोहतक। बारिश के मौसम के बीच बिजली निगम की भूमिगत लाइन में बुधवार दोपहर शॉर्ट सर्किट हो गया। इसके चलते तहसील, नगर निगम व आसपास के क्षेत्र में ढाई घंटे बिजली गुल रही। बिजली निगम कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद तहसील के बाद फॉल्ट को ढूंढ पाए।
तहसील के पास हुए शॉर्ट सर्किट से तीन ट्रांसफार्मरों से जुड़े उपभोक्ताओं
को बिजली किल्लत का सामना करना पड़ा। बिजली गुल होने से तहसील के साथ नगर निगम में भी कार्य प्रभावित रहा।
तहसील में रजिस्ट्री के लिए आए हनुमान कॉलोनी निवासी महेंद्र ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे बिजली गुल हो गई थी और करीब ढाई बजे आई। उनको ढाई घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
मकड़ौली निवासी देवेंद्र ने बताया कि उनको भी ढाई घंटे बिजली का इंतजार करना पड़ा। इससे कई लोगों के रजिस्ट्री व अन्य कार्य प्रभावित हुए। हालांकि, दोपहर ढाई बजे के बाद बिजली आने पर उन्होंने राहत की सांस ली।
उधर, तहसील में आए लोगों ने बताया कि यहां दो जनरेटर लगाए गए हैं लेकिन सुचारु रूप से कार्य नहीं कर रहे हैं। इसके चलते समस्या बनी है।
दोपहर के समय बिजली गुल हो गई थी। इससे कुछ देर कार्य प्रभावित रहा। हालांकि, तहसील में इन्वर्टर से काम चलाना पड़ा। वहीं, जनरेटर की स्थिति पता कराएंगे, अगर कोई फाॅल्ट है तो उसे ठीक कराया जाएगा।
- यशपाल शर्मा, तहसीलदार, रोहतक
तहसील क्षेत्र में भूमिगत लाइन बिछाई गई है। दोपहर में बारिश का मौसम रहा। ऐसे में नमी बनने से तार में शॉर्ट सर्किट होने से बिजली गुल हो गई। इसका पता चलने पर निगम ने फाॅल्ट दूर कर बिजली व्यवस्था सुचारु की।
- संदीप कुमार, एसडीओ, उपमंडल, माॅडल टाउन, बिजली निगम
-