सावधान! मोबाइल में क्रेडिट कार्ड, एटीएम कार्ड या दूसरे पासवर्ड लिखकर रखना महंगा पड़ सकता है। निजी कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत कंसाला के युवक अमित खोखर के साथ ऐसा ही हुआ। मोबाइल हैक करके किसी ने उसके क्रेडिट कार्ड से दुबई की एजेंसी से 39 हजार 190 रुपये की खरीदारी कर ली। इस संबंध में आईएमटी थाने में केस दर्ज किया गया है।
कंसाला गांव निवासी अमित ने बताया कि 5 अप्रैल को वह सुबह उठा तो मोबाइल पर इंटरनेशनल कॉल आई। उसने जैसे ही कॉल रिसीव की तो मोबाइल बंद हो गया। थोड़ी देर बाद उसने मोबाइल रिस्टार्ट किया तो पूरा डाटा गायब मिला। डाटा में एक फाइल ऐसी भी थी, जिसमें सभी पासवर्ड लिखकर रखे थे, ताकि समय पर प्रयोग किए जा सकें। इसके बाद शाम को एसएमएस आया कि उसने क्रेडिट कार्ड से दुबई की एक फर्म से ऑनलाइन 25 हजार 978 रुपये और दूसरी फर्म से तीन बार में 13 हजार 212 रुपये की खरीदारी की है। उसने तुरंत बैंक में संपर्क किया और क्रेडिट कार्ड को बंद करवाया। खरीदारी करते समय किसी तरह का ओटीपी नंबर तक नहीं आया। इस संबंध में बैंक मैनेजर से बात की, लेकिन उन्होंने भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया। आखिर में अब पुलिस थाने में केस दर्ज कराया है।