रोहतक। शहर के कच्चा बेरी रोड बाजार में सड़कों पर वाहन खड़ा करने से दुकानदार परेशान हैं। दुकानदारों का कहना है कि यहां के बाजार में वाहन पार्क करके ग्राहक दूसरे बाजारों में खरीदारी करने चले जाते हैं और घंटों तक वाहन खड़े रहते हैं। इतना ही नहीं, दूसरी काॅलोनियों के लोग भी अपने वाहनों को दुकानों के बाहर खड़ा करने लगे हैं। कच्चा बेरी रोड बाजार से महज 50 से 100 मीटर दूर पार्किंग है लेकिन वहां पार्किंग में वाहन खड़े न कर लोग यहां दुकानों के आगे खड़ा कर रहे हैं।
दुकानदारों का कहना है कि इसको लेकर वाहन चालकों को टोकते हैं तो वाहन चालक उनसे ही उलझ जाते हैं। इसको लेकर कच्चा बेरी रोड मार्केट के प्रधान आशु चुघ के अलावा दुकानदार राहुल उप्पल, सौरव निझावन, राकेश जुनेजा, बंटी भुटियानी व अरुण ने बताया कि प्रशासन की ओर से पार्किंग में ही वाहन खड़ा करने के लिए जागरूक करना चाहिए।
यहां पर करीब 50 फीट चौड़ी सड़क है जो वाहन पार्क के बाद करीब 10 फीट रह जाती है। इससे बाजार में व्यापार भी प्रभावित हो रहा है और ग्राहक आने कम हो गए हैं। उन्होंने बताया कि पहले रोजाना यहां करीब एक हजार ग्राहक आते थे लेकिन इन दिनों 700 से 800 तक रह गए हैं। यह समस्या करीब तीन महीने से बनी हुई है।