भिवानी रोड स्थित खल-बिनौलों की दुकान से एक बाइक पर सवार तीन आरोपियों ने शनिवार शाम करीब 7 बजे पिस्तौल के बल पर मालिक से 60 हजार रुपयों की नकदी की लूट की। इतना ही नहीं, विरोध करने पर आरोपियों ने नौकर पर गोली भी चला दी। गनीमत रही कि गोली कर्मचारी के हाथ को छूते हुए निकल गई। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। वारदात के तुरंत बाद पीडितों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित संदीप ने बताया कि उसकी महम से भिवानी रोड पर मित्तल कॉटन फैक्टरी है। इसी फैक्टरी की बाहर वाली जगह पर दुकान बनाई हुई है। जो दुकान में खल-बिनौला व्रिकेता है। शनिवार शाम करीब सात बजे एक बाइक पर तीन नकाबपोश आए। उन्होंने कर्मचारी संदीप को पिस्तौल दिखाकर उससे रुपये देने की बात कही। कर्मचारी ने विरोध किया तो एक युवक ने उस पर फायर कर दिया। गोली कर्मचारी के हाथ को छूते हुए निकल गई। इस दौरान तीनों ने उसकी जेब से व गल्ले में रखे करीब 60 हजार की नकदी लूट मौके से फरार हो गए। घायल कर्मचारी को महम सरकारी अस्पताल में इलाज के भर्ती करवाया गया। वारदात से अंदाजा लगाया जा रहा है कि जिन युवकों ने शुक्रवार शाम को सैमान चुंगी गर्ल्स स्कूल के पास एक सीएचसी सेंटर से 12 हजार लूटे थे, उन्हीं युवकों ने भी इस वारदात को अंजाम दिया होगा। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
मामले की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से चली हुई गोली का खोल बरामद किया। वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। जिस आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सुरेश कुमार, महम थाना प्रभारी।