रोहतक। गांव खरावड़ में किराना की दुकान से सामान खरीदने वाले पांच युवकों से दुकानदार को पैसा मांगना महंगा पड़ गया। युवकों ने दुकानदार पर सूए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दुकानदार को पीजीआई में भर्ती कराया है।
गांव खरावड़ निवासी आदित्य ने आईएमटी थाने में दर्ज कराई एफआईआर में कहा कि उसने गांव में ही किराना की दुकान की हुई है। 01 अगस्त को विरेंद्र, दीपक व तीन अन्य युवक दुकान से कुछ सामान ले गए थे। सामान के रुपये मांगने पर पांचों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब उसने विरोध किया तो वे चले गए। रात में वह दुकान बंद करने लगा तो कार में सवार होकर विरेंद्र, दीपक व अन्य तीनों युवक आए और दुकान में घुसकर उस पर सूए से हमला कर दिया। वह बचाव में भागने लगा तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उनके सिर पर वार किए।
आईएमटी थाना प्रभारी पंकज ने बताया कि दुकानदार की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है