झज्जर। जयपुर में आयोजित छठी इंडियन ओपन अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में झज्जर के खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। महिला हैमर थ्रो में शिवानी शर्मा ने 49.68 मीटर की दूरी के साथ कांस्य पदक जीता, जबकि पुरुष भाला फेंक में मनीष ने 74.50 मीटर भाला फेंककर तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन 16 से 18 अक्तूबर तक जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में किया गया।
महिला हैमर थ्रो में पंजाब की हकीकत ग्रेवाल ने 55.46 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीता और नया मीट रिकॉर्ड बनाया। राजस्थान की सोनिया ने 52.16 मीटर के साथ रजत पदक हासिल किया। वहीं, पुरुष भाला फेंक में कर्नाटक के शशांक पाटिल 76.16 मीटर के साथ पहले और हरियाणा के आदित्य 75.48 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
एथलेटिक्स हरियाणा के मीडिया प्रभारी (खेल) सत्यवीर धनखड़ ने प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी दी। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य राजकुमार मिटान ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।