रोहतक। गूगामेड़ी में दो माह पहले हुए शीशपाल हत्याकांड के आरोप में पुलिस ने जींद जिले के गांव जयजयवंती निवासी राजेश को गिरफ्तार किया है। साथ ही केस में महिला को मानसिक पीड़ा पहुंचाने पर आईपीसी की धारा 509 जोड़ी गई है। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत के चलते जेल भेज दिया गया।
डीएसपी महम संदीप कुमार ने बताया कि एक अक्तूबर को गूगाहेड़ी गांव निवासी शीशपाल को गंभीर हालत में पीजीआई में दाखिल कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। जांच में पता चला कि शीशपाल की मां किशनी देवी सुबह करीब 10 बजे रेहड़ी वाले से सब्जी खरीद रही थी। उसी दौरान कर्मवीर उर्फ बल्लू ने शराब के नशे में किशनदेवी से बेवजह गाली दी। किशनदेवी के बेटे शीशपाल ने कर्मवीर को समझाया तो कर्मबीर ने धमकी देते हुए सूर्यास्त होने से पहले गोली मरवाने की धमकी दी। शाम करीब 4 बजे शीशपाल पड़ोस में रामकुमार की बैठक में बैठा हुआ था। तभी कर्मबीर उर्फ बल्लू अपने भांजे नसीब व अन्य युवक नसीब के साथ आया और शीशपाल पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। छह गोलियां लगने से शीशपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पीजीआई में दाखिल कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी कर्मबीर, नसबीर व प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन राजेश को अब काबू किया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रय़ास, धोखाधड़ी समेत जींद में एक दर्जन केस दर्ज हैं। उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।