संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने दिल्ली में पेपर लीक मामलों व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर से संसद भवन तक मार्च कर रहे युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में सभा आयोजित की।
एसएफआई जिला सचिव अमित पिलाना ने बताया कि छात्र व युवा शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और नीट सहित पेपर लीक के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्र संगठनों ने केंद्र सरकार से जवाब मांगा और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।
सरकार ने मांगों का समाधान करने के बजाय दमनकारी रवैया अपनाते हुए लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस का प्रयोग किया। एसएफआई व एएसएपी ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए केंद्र सरकार, केंद्रीय गृह मंत्री व शिक्षा मंत्री से युवाओं से संवाद कर हल निकालने की मांग की। इस दौरान अमित पिलाना, नितिन दांगी, रोहित, सोनू मौजूद रहे।