माता दरवाजा चौक पर नाले बंद होने की वजह से सड़क पर खड़ा गंदा पानी। स्रोत : पाठक
रोहतक। शहर की बदहाल सीवरेज व्यवस्था को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अब अदालत में जवाब देना होगा। नगर निगम के पूर्व पार्षद नरोतामल भटनागर ने सोमवार को स्थायी लोक अदालत में याचिका दायर की है। याचिका में विभाग के एसई, एक्सईएन व एसडीओ को पार्टी बनाया गया है। 4 को अगस्त को केस की सुनवाई होगी।
याचिकाकर्ता नरोतामल भटनागर ने बताया कि शहर में जगह-जगह सीवर जाम हैं। शिकायत करने पर पांच दिन में सुनवाई होती है। कर्मचारी मात्र फट्टी मारकर चले जाते हैं, इससे सही ढंग से सफाई नहीं होती। सीवर लाइन के ढक्कन टूटे हुए हैं। कहीं तो ढक्कन ही नहीं हैं।
पुराने शहर की सीवर लाइन बदली जानी थी, लेकिन विभाग कदम नहीं उठा रहा है। पूछने पर अधिकारी कहते हैं कि उनके पास संसाधनों की कमी है। एक ही मशीन है, उससे कहां-कहां की सीवर लाइन की सफाई करें।
याचिकाकर्ता का कहना है कि हर साल विभाग उपभोक्ताओं से सीवर का बिल वसूल करता है। ऐसे में सुविधा देना विभाग की जिम्मेदारी है। अदालत ने याचिका स्वीकार कर ली है, जिसके ऊपर अगले माह सुनवाई होगी।