31...कलानौर की आईटीआई के पीछे सीवरेज व्यवस्था ठप होने से हुआ जल भराव। संवाद
कलानौर। नगरपालिका कलानौर के वार्डों में सीवर लाइन ओवरफ्लो होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गलियों में गंदा पानी भरने से बदबू आने लगी है। लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। कस्बे में आईटीआई के पीछे पिछले तीन महीने से जलभराव है।
बाबा ईश्वर शाह, सती भाई साई दास स्कूल, आंबेडकर चौपाल, पुलिस चौकी के सामने वाली गली में बुरा हाल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले एक साल से सीवर जाम हैं। जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
गंदे पानी में मच्छरों की बढ़ती संख्या से डेंगू और अन्य बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। वार्ड पार्षद हरप्रीत सिंह जुनेजा ने भी स्थिति पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद को बार-बार अवगत कराने के बावजूद सीवर लाइन की सफाई नहीं की जा रही है। उन्होंने लिखित में शिकायत भी दर्ज करवाई है।
वार्ड आठ पार्षद कांता देवी ने बताया कि सीवरेज व्यवस्था ठीक नहीं होने से वार्ड के लोगों को गंदे पानी से गुजरना पड़ता है। तहसील रोड पर पिछले पांच महीने से जल निकासी नहीं हो रही है।
वर्जन
कुछ गलियों में समस्या बनी हुई है। हमारी तरफ से बारिश का पानी निकालने के लिए दिन-रात कर्मचारी लगे हुए हैं। ड्रेन तक पाइप लाइन बिछाई गई है। अस्थाई बिजली कनेक्शन लगवाया गया है। जगह जगह पंप सेट लगे हुए हैं। यदि समस्या बनी हुई है तो मौके पर निरीक्षण कर उचित समाधान किया जाएगा।
- राजेश सोनी, एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग।