रोहतक। ऑटो मोबाइल कंपनी की तरफ से गोद लिए गए गांव बलियाणा में सीवर लाइन ठप पड़ी है, क्योंकि कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत मारुति सुजुकी कंपनी ने सीवर लाइन बिछाई, लेकिन नगर निगम ने लाइन की न तो सफाई करवाई और न ही जनस्वास्थ्य विभाग को सौंपा।
वीरवार को निगम आयुक्त ने जनस्वास्थ्य विभाग, नगर निगम व कंपनी के अधिकारियों की बैठक ली। तय हुआ कि जल्द सीवर लाइन जनस्वास्थ्य विभाग को सौंपी जाए।
वार्ड नंबर 11 के पार्षद परीक्षित देशवाल ने बताया कि 2008 में उनके गांव की 70 प्रतिशत जमीन का अधिग्रहण हो चुका है। अकेले ऑटो मोबाइल कंपनी के प्लांट में एक हजार के करीब एकड़ जमीन गई हुई है। कंपनी ने सीएसआर के तहत गांव को विकास कार्यों के लिए गोद ले रखा है। इसी के चलते गांव की पूरी सीवर लाइन कंपनी ने बनाई थी। निगम को लाइन की सफाई करवानी थी या विभाग को सौंपनी थी, लेकिन अधिकारियों ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया। अब पार्षद ने लिखित में निगम आयुक्त को पत्र लिखकर सीवर लाइन की सफाई की मांग की। तय हुआ कि लाइन को जनस्वास्थ्य विभाग को सौंपा जाएगा, इससे पहले लाइन की जांच होगी, कहां-कहां क्या खामियां हैं।
बैठक में पार्षद परीक्षित देशवाल, कार्यकारी अभियंता नवीन कुमार धनखड़, नगर अभियंता सुनील शर्मा व विरेन्द्र हुड्डा, कनिष्ठ अभियंता नरेश कुमार व देवेन्द्र बेनिवाल, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ विनीत व कंपनी के अधिकारी सदानंद मौजूद रहे।