रोहतक। त्योहारी सीजन में घर से बाहर शॉपिंग करने आ रहीं महिलाएं स्नेचरों का शिकार बन रही हैं। शुक्रवार को स्नेचरों ने सात जगहों पर चेन व पर्स स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया। जिसकी शिकायत पीड़ितों ने पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर संबंधित थाना पुलिस ने केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। लेकिन स्नेचरों का कोई सुराग पुलिस नहीं लगा सकी है।
केस एक:
सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में राजो ने बताया कि वह जिंदराण की रहने वाली है। 6 नवंबर को वह डॉक्टर से दवाई लेकर राजीव कॉलोनी स्थित अपने भाई के घर जा रही थी। जब वह हनुमान कॉलोनी पहुंची तो वहां पीछे से एक बाइक सवार युवक आया और उसने झपटा मारकर उसका पर्स छीन लिया। पर्स में करीब 6 हजार रुपये सहित कागजात थे।
केस दो:
सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में अनीत गर्ग ने बताया कि वह मानसरोवर कॉलोनी की रहने वाली है। 6 नवंबर की शाम करीब साढ़े 7 बजे वह अपने घर के बाहर रेहड़ी से सब्जी खरीद रही थी। इसी दौरान वहां एक बाइक सवार दो युवक आए और बाइक पर पीछे बैठे युवक ने गला में झपटा मारकर 16 ग्राम वजनी सोने की चेने तोड़कर फरार हो गए।
केस तीन:
सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में सन्नो देवी ने बताया कि वह सेक्टर 1 की रहने वाली है। 6 नवंबर की दोपहर करीब 1 बजे वह हाथ में थैला लिए हुए बीकानेर मिठाई की दुकान की ओर पैदल जा रही थी। इसी दौरान वहां बाइक सवार दो युवक आए और वे हाथ से थैला झपट कर मौके से फरार हो गए। थैला में 4500 रुपयों की नकदी, मोबाइल फोन सहित अन्य जरूरी सामान था।
केस चार:
सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में महिला लतेश ने बताया कि वह राम गोपाल कॉलोनी की रहने वाली है। वह अपनी एक्टीवा पर सवार होकर दोपहर करीब सवा दो बजे विकास नगर शहीद सुनील खोखर मार्ग से अपने घर जा रही थी। जब वह गली के मोड़ के नजदीक पहुंची तो पीछे से दो लड़के काली एक्टीवा पर आए और उसे गिराने की कोशिश की। आरोपियों ने लतेश ने एक्टीवा से उसका पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पर्स में मोबाइल फोन, कागजात, 500 रुपयों की नकदी सहित अन्य सामान था।
केस 5
तमन्ना नाम की महिला स्कूटी पर सवार होकर शहर की तरफ आ रही थी। नेकीराम कॉलेज के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार महिला गिर गई। आरोपी पर्स छीनकर फरार हो गए। पुलिस को मामले की भनक लगी तो मेडिकल मोड़ पर तैनात पुलिसकर्मियों ने नाकाबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी पर्स और मोबाइल फोन फेंककर फरार हो गए। थाना पीजीआई पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।
केस 6
भरत कॉलोनी निवासी सुमन सोहना में पीडब्ल्यूडी विभाग में कार्यरत है। शुक्रवार को जाट भवन के पास बाइक सवार युवक उससे पर्स छीनकर फरार हो गए। जिसमें जरूरी कागजात थे। थाना सिविल लाइन पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केस 7
प्रेमनगर निवासी कमलेश ने बताया कि शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजकर 40 मिनट पर अपने घर से बैंक में जा रही थी। रास्ते में एक निजी अस्पताल में पास बाइक सवार युवक उसके हाथ से थैली छीनकर फरार हो गए। थैली में कमलेश का पर्स था। जिसमें एक मोबाइल फोन और कुछ नकदी थी। कैलाश देवी ने मामले के बारे में पुलिस को सूचित किया। थाना अर्बन एस्टेट पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।