रोहतक। गर्मी से राहत के लिए आप सड़क पर बिक रहे पेय पदार्थों का सहारा लेते हैं तो सावधान हो जाइए। गंदगी के बीच ऐसे पदार्थों की बिक्री से आप बीमारी की चपेट में आ सकते हैं।
गर्मी बढ़ने के साथ ही गन्ने का रस और केमिकलयुक्त पेय पदार्थों की बिक्री बढ़ गई है। रेहड़ियों पर पर बिकने वाले इन पेय पदार्थों के चारों तरफ मक्खियां भिनभिनाती रहती हैं। साथ ही जिस पानी से ग्लास आदि की सफाई की जाती है उसे सफाई के बाद बदला नहीं जाता है। इससे बीमारी और संक्रमण दोनों का खतरा रहता है। लोग अनजाने और जल्दबाजी में प्यास के कारण इन चीजों पर गौर नहीं करते हैं। चिकित्सकों का कहना है कि सड़क से ऐसे पेय पदार्थ पीने से अच्छा है कि घर का जूस, छाछ, शिकंजी बनाकर पीएं।
सोमवार से बाजार में बिक रहे पेय पदार्थों की सैंपलिंग का कार्य किया जाएगा। बिना रजिस्ट्रेशन पाए जाने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
योगेश कादियान, जिला खाद्य व सुरक्षा अधिकारी
बाजार में रेहड़ी पर मिलने वाले पेय पदार्थ का सेवन करने से सेहतमंद होने से ज्यादा बीमार पड़ने का खतरा है, क्योंकि ऐसी जगहों पर साफ-सफाई की गुंजाइश काफी कम रहती है। साथ ही हवा में उड़ती धूल पेय पदार्थ में मिल जाती है। इससे संक्रमण का खतरा रहता। ऐसे पेय पदार्थों का सेवन करने से फूड प्वाइजनिंग आदि का खतरा रहता है।
-डॉ. रोहित कपूर, मेडिकल ऑफिसर, सामान्य अस्पताल