रोहतक। गर्मी के साथ बिजली के कट भी बढ़ने लगे हैं। कभी मरम्मत तो कभी लाइन ट्रिप होने के नाम पर शहर में बिजली कटौती होती है। कंट्रोल रूम में हर रोज ऑफलाइन एवं ऑनलाइन शिकायतें बढ़ रही हैं। सही जानकारी नहीं होने की वजह से कंट्रोल रूम पर तैनात कर्मी परेशान जनता को कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाते हैं।
पिछले तीन दिन में 150 से ज्यादा ऑनलाइन और ऑफलाइन शिकायतें आई हैं। इसमें सबसे ज्यादा फ्यूज उड़ने, जंपर टूटने और बिजली कट की समस्या आ रही है। एक दिन में तीन से चार बार बिजली के कट लग रहे हैं।
कॉलोनियों में सुबह ही बिजली कट लगने शुरू हो जाते हैं। रविवार को पावर हाउस और इससे लगते इलाकों में दिन में बिजली गुल रही। सुबह दुर्गा कॉलोनी में भी अचानक बिजली गुल हो गई। इसी तरह शहर के अन्य इलाकों में भी बिजली कट की समस्या रही। सेक्टर दो, तीन की मार्केट में भी एक घंटे से ज्यादा बिजली गुल रही। लोगों ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम में भी दी, लेकिन यहां तैनात कर्मी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
लोगों ने ऑनलाइन माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई। जब ज्यादा शिकायतें आने लगी तो लोगों को मरम्मत का बहाना देकर पीछा छुड़वाने की कोशिश की गई। गर्मी में बिजली न आने से लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। लोगों का कहना है कि इतनी गर्मी में बिना बिजली के रहना मुश्किल है। बिजली किल्लत की सबसे ज्यादा समस्या दुर्गा कॉलाेनी, पावर हाउस, सेक्टर एक, दो, चिन्याेट कॉलोनी, ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, अस्थल बोहर और प्रीत विहार में रहती है।
वर्जन
आमजन को बिजली न आने की सूचना दी जाती है। निर्धारित समय पर बिजली का संचालन भी शुरू कर दिया जाता है। फिर भी कहीं शिकायत मिलेगी तो उसका तुरंत समाधान किया जाएगा।
- रामेंद्र मलिक, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम