माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शहर के विभिन्न मंचों पर चल रही रामलीला में मंगलवार को लक्ष्मण शक्ति का मंचन हुआ। रामलीला उत्सव कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला महोत्सव व दशहरा मेला में मूर्छित लक्ष्मण को उठा कर लंका ले जाने का मेघनाद ने प्रयास किया। लेकिन वह लक्ष्मण को उठा नहीं पाया। यह शक्ति प्रदर्शन देख पंडाल श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।
रामलीला में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर मुख्य अतिथि रहे। उद्योगपति राजेंद्र बंसल, अजय गोयल, विजय तायल, विकास बंसल, जय भगवान बंसल विशेष रूप से मौजूद रहे। मंच संचालन सतीश भारद्वाज व विजय गुप्ता बाबा ने किया। इस मौके पर प्रधान सुभाष तायल, शंकर लाल मित्तल, सुशील मंगला, सोनू जैन, नवीन बंसल, राकेश खुराना, संदीप गुप्ता समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
कुकाराें वाली रामलीला कमेटी गांधी नगर में लंका दहन का मनमोहक दृश्य दर्शाया गया। इसमें हनुमानजी का किरदार अजय ग्रोवर व रावण का किरदार विजय गुलाटी ने निभाया। इससे पहले हनुमान ने अक्षराज का वध किया। अक्षराज का किरदार शुभम खुराना व मां जानकी का किरदार टोनी शर्मा ने निभाया।
इधर, पटेल नगर की न्यू राम लीला कमेटी के मंच पर कुंभकरण वध, पुराना बस स्टैंड के श्री प्राचीन रामलीला सोसाइटी के मंच पर लक्ष्मण शक्ति, पुरानी अनाज मंडी के कृष्णा ड्रामेटिक क्लब के मंच पर मेघनाद व कुंभकरण वध, प्रताप मोहल्ला के श्री सनातन धर्म पंजाबी रामलीला क्लब के मंच पर अहिरावण वध का मंचन किया गया। मंच पर कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को बांधे रखा।