करौंथा से बालंद रोड पर सुनसान जगह पर लाठी-डंडों से पीट-पीट कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद दो बाइकों पर सवार लोग मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वारदात स्थल से साक्ष्य जुटाए। वहीं शव को पीजीआई में भिजवाया गया। यहां परिजनों के बयानों के आधार पर शव का पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।
पुलिस के अनुसार, वारदात मंगलवार शाम करीब सवा 7 बजे की है। गांव करौंथा के रहने वाले राकेश (45) पेशे से सिक्योरिटी गार्ड था, जिसकी दो बाइक सवार छह लोगों ने हत्या कर दी है। हत्या का आरोप उसके परिजनों पर ही लगाया गया है। आरोप में बताया गया है कि हत्या जमीन के विवाद में की गई है। राकेश दो बेटी और एक बेटे का पिता था।
पुलिस की तीन टीमें जांच में जुटीं
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल मामले की जांच सीआईए वन, टू सहित शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस को सौंप दी है। तीनों टीमों को अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस वारदात में शामिल लोगों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही वारदात में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।