लोकसभा, विधानसभा, पंचायत चुनाव। चुनाव चाहे कोई भी हो, सियासत देखनी है तो महम चौबीसी आइए। कहा जाता है की महम चौबीसी राजनीति की पाठशाला की नर्सरी है। प्रदेश और देश के कई सियासी दिग्गजों ने चौबीसी को अपनी कर्मभूमि बनाया।
ताऊ देवीलाल यहीं से चुनाव लड़कर देशभर के परिदृश्य में आए और उप-प्रधानमंत्री के पद पर पहुंचे। रविवार को यहां पंचायत चुनाव होना है। महम चौबीसी आज चौधर की चाल चलेगा और एक बार फिर खास सियासी सूझबूझ दिखाएगा। जानकार भी मानते हैं तो यहां मतदाता को वोटिंग के लिए जागरूक करने की खास जरूरत नहीं है।
सांसें थाम देने वाले मुकाबले में वोटर और मतदान प्रतिशत अपने आप बढ़ता चला जाता है। पंचायत चरण के दूसरे चरण में महम और लाखनमाजरा ब्लॉक में पंच, सरपंच और ब्लॉक समिति के 866 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 1 लाख 51 हजार 112 वोटर करेंगे।
इन दोनों ब्लाक की 46 पंचायतों में चुनाव होगा, जबकि सीएम मनोहर लाल खट्टर के पैतृक गांव निंदाना तिगरी में सर्वसम्मति से महिला को सरपंच चुन लिया गया है। महम ब्लॉक की 34 पंचायतों के लिए एक लाख 4 हजार 492 वोटर मतदान करेंगे। महम ब्लॉक में सरपंच के लिए 197 प्रत्याशी ताल ठोंक रहे हैं। इसमें 143 पुरुष और 54 महिला प्रत्याशी आमने-सामने हैं।
खंड की 30 सदस्यीय खंड पंचायत में 28 सदस्यों के लिए 77 पुरुष व 41 महिलाएं ताल ठोंक रही हैं। वार्ड 8 और 28 से सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। 461 ग्राम पंचों में 303 निर्विरोध चुने गए हैं। जबकि पंच के 135 पदों के लिए 192 पुरुष व 101 महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे हैं। महम खंड में 200 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
लाखनमाजरा ब्लॉक की 13 पंचायतों में 46 हजार 620 वोटर मतदान करेंगे। यहां सरपंच के लिए 80 तो ब्लॉक समिति सदस्य के लिए 50 प्रत्याशी जोर आजमाइश करेंगे। यहां 105 बूथ बनाए गए हैं।
एक सरपंच, एक ब्लाक समिति सदस्य, 416 पंच चुने
महम ब्लॉक के निंदाना तिगरी में पहले ही महिला सरपंच को सर्वसम्मति से चुन लिया गया है। वहीं, लाखनमाजरा ब्लॉक से एक ब्लॉक समिति सदस्य भी सर्वसम्मति से चुना जा चुका है। लाखनमाजरा के 115 तो महम के 303 पंच सर्वसम्मति से चुने जा चुके हैं।
सुबह 7.30 से शाम 4 तक मतदान, फिर आएगा फैसला
सभी गांवों में सुबह 7.30 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। हालांकि शाम 4 बजे वोटिंग लाइन में लगने वाले हर मतदाता का वोट डलवाया जाएगा। शाम छह बजे से फैसले आने शुरू हो जाएंगे।
महम खंड के छोटे से गांव बेड़वा में चुनावी मुकाबला सीधे तौर पर जाट व कुम्हार बिरादरी में है। मात्र 837 मतदाता होने के बावजूद यहां 16 प्रत्याशी डटे हैं, लेकिन मुकाबला दो प्रत्याशियों में ही है।
जिला पंचायत में कइयों की साख दांव पर
महम। हलके से जिला पंचायत के लिए चुनाव में ताल ठोंक रहे कई प्रत्याशियों का निशाना चेयरमैनी पर भी है। प्रत्याशी बाकायदा चैयरमैन पद की दावेदारी जता चुनाव मैदान में कूदे हैं। हालांकि वार्ड-दो से एक प्रत्याशी को छोड़कर किसी भी प्रत्याशी ने सीधे तौर पर राजनीतिक सरपरस्ती दिखाने की हिम्मत नहीं जुटाई है। लेकिन वार्ड-दो से एक प्रत्याशी ने हार-जीत का जोखिम न लेते हुए सीधे तौर पर सीएम मनोहर लाल खट्टर व भाजपा नेताओं के साथ पोस्टर चस्पाकर डटे हुए हैं। जिला परिषद चुनाव में कूदे कई स्थानीय नेताओं की साख दांव पर भी लगी है।
अतिसंवेदनशील गांवों में पुलिस गश्त शुरू
मतदान को लेकर अति संवेदनशील गांवों में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया है और गश्त बढ़ा दी है। डीएसपी सुरेंद्र सिंह ने सीसर, बलंबा, खरकड़ा, मोखरा, मदीना, निंदाना, घिरावड़, अजायब, बहराण, गंगानगर, खेड़ी महम, भैणी चंद्रपाल में सुरक्षा का जायजा लिया।
डीएसपी अमित भाटिया ने लाखनमाजरा खंड के टिटौली, घरौठी, चांदी, चिड़ी, लाखनमाजरा, इंद्रगढ़, बैंसी, खरक जाटान, खरैंटी में गश्त की। महम खंड में 57 संवेदनशील और 120 अति संवेदनशील और लाखनमाजरा खंड में 13 संवेदनशील व 70 अति संवेदनशील गांवों में अतिरिक्त पुलिस कंपनी भेजी गई है।
पुलिस पार्टियों को रवाना करने से पहले एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए।
यूं होगी सुरक्षा व्यवस्था
3 डीएसपी तैनात किए गए हैं महम ब्लॉक में।
3 इंस्पेक्टर सहित 1250 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात।
2 डीएसपी लाखनमाजरा खंड में
2 इंस्पेक्टर सहित 700 पुलिसकर्मी लाखनमाजरा में होंगे तैनात।