रोहतक। जिला अदालत के वकीलों व नगर निगम के ठेकेदार के बीच नो पार्किंग जोन से कार उठाने को लेकर सोमवार को पहले हंगामा, फिर हाथापाई हो गई। आरोप है कि क्रेन ठेकेदार के साथ आए युवकों ने बार प्रधान को चाकू दिखाया और जान से मारने की धमकी दी। सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
जिला बार एसोसिएशन के महासचिव दीपक हुड्डा ने सिविल लाइन थाने में लिखित में शिकायत दी है कि बार के वकील प्रदीप जाखड़ सोमवार को अपनी कार में बैठकर किसी का इंतजार कर रहे थे। तभी नगर निगम के ठेकेदार अपनी क्रेन व साथियों के साथ आए और गैर कानूनी तरीके से कार को क्रेन से ले जाने लगे। जब वकील प्रदीप जाखड़ ने विरोध किया तो अभद्र व्यवहार किया। वकील ने बार में फोन किया। बार के प्रधान लोकेंद्र फौगाट व महासचिव दीपक हुड्डा मौके पर पहुंचे। ठेकेदार व उसके साथियों ने अभद्र व्यवहार किया। एक युवक चाकू लिए हुए था। उसने बार प्रधान को धमकी भी दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने आठ से 10 साथियों को बुला लिया। मामले की सूचना बार प्रधान ने सिविल लाइन थाना प्रभारी को दी। इसके बाद क्रेन पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 149, 323, 341, 342, 347, 355, 357, 384, 506 व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाए।
चाबी नहीं मिली तो धक्का मारकर ले गए वकील क्रेन
क्रेन की चाबी को लेकर वकीलों व क्रेन ठेकेदार के कर्मचारियों के बीच हाथापाई हो गई। जब क्रेन की चाबी नहीं मिली तो वकील क्रेन को धक्का मारकर ले गए और पुलिस को सौंप दिया।
वकीलों की कार उठाने पर पहले भी हो चुका है विवाद
शहर में वकील की कार उठाने पर पहले भी विवाद हो चुका है। पिछले साल क्रेन से वकील की कार उठा ली गई थी। आरोप था कि ठेकेदार के कर्मचारियों ने वकील के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। नाराज वकील एकत्रित हुए और सड़क पर आकर विरोध जताया। बाद में दोनाें पक्षों में बातचीत से समझौता हुआ।
वर्जन-
बार के वकील प्रदीप जाखड़ कार में बैठकर बजरंग भवन के पास परिचित का इंतजार कर रहे थे। तभी क्रेन लेकर ठेकेदार व उसके साथी आए और जबरन कार ले जाने लगे। विरोध करने पर धमकाया। मैं सूचना पाकर मौके पर पहुंचा। मुझे न केवल चाकू दिखाया, बल्कि अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद वकीलों ने क्रेन पुलिस को सौंप दी। मामले में पुलिस कार्रवाई करे।
- लोकेंद्र फौगाट उर्फ जोजो, प्रधान जिला बार एसोसिएशन
बजरंग भवन के पास कार सफेद पट्टी के बाहर खड़ी थी। नियमों के तहत कार को उठाकर ले जा रहे थे। वकील आए और जबरन क्रेन लेकर चले गए। साथ ही धमकी भी दी। इसकी लिखित शिकायत सिविल लाइन थाने में दी है।
- प्रवीण कुमार, ठेकेदार नगर निगम
बजरंग भवन के पास क्रेन से कार उठाने के विवाद में दोनाें पक्षों की तरफ से शिकायत आई है। सिविल लाइन थाना प्रभारी को दोनों तरफ से एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष तरीके से जांच पड़ताल के निर्देश दिए गए हैं।
- उदय सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक रोहतक