साल्हावास। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मातनहेल में पांच दिवसीय राज्य पुरस्कार परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें गुरुग्राम संभाग के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों से 149 स्काउट्स ने भाग लिया। शिविर का संचालन कैंप कोऑर्डिनेटर निधि शर्मा के समन्वय और लीडर ऑफ कोर्स श्रवणलाल जाट के मार्गदर्शन में हुआ।
शिविर के दूसरे व तीसरे दिन स्काउट्स का लिखित एवं व्यावहारिक परीक्षण लिया गया। इसमें प्राथमिक चिकित्सा, गांठ एवं बंधन, कैंप क्राफ्ट, दिशा-ज्ञान, संकेत एवं संचार, ध्वज शिष्टाचार, मार्चिंग, पायनियरिंग, टेंट निर्माण, अनुमान, सेवा-भाव, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का मूल्यांकन किया गया।
चौथे दिन ग्रैंड कैंप फायर का आयोजन हुआ। केंद्रीय विद्यालय संगठन, गुरुग्राम संभाग के सहायक आयुक्त भूपेश भट्ट मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर स्काउट्स से बातचीत की और उनके कैंप क्राफ्ट की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग अनुशासन, सेवा, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और जिम्मेदारी विकसित करने का माध्यम है।
प्राचार्य कंवर सिंह ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सहयोग और सेवा-भाव विकसित करने के साथ उन्हें जिम्मेदार एवं आत्मनिर्भर नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।