फ़ोटो-65: बहादुरगढ़ के ओमेक्स सिटी पाइप लाइन लीकेज से होता गैस रिसाव । स्रोत सोशल मीडिया
बहादुरगढ़। सेक्टर-15 ओमेक्स सिटी में शुक्रवार दोपहर करीब 1:15 बजे खुदाई के दौरान पीएनजी गैस पाइपलाइन टूटने से गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस लीक होने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि समय रहते सूचना मिलने पर गैस कंपनी की टीम ने मौके पर पहुंचकर पाइपलाइन के रिसाव को बंद कर दिया।
हरियाणा सिटी गैस कंपनी के अधिकारी पंकज चौहान ने बताया कि पब्लिक हेल्थ विभाग की ओर से क्षेत्र में खुदाई का काम किया जा रहा था। इसी दौरान उनकी ओर से गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई जिसके बाद पाइपलाइन से गैस का रिसाव होने लगा। सूचना मिलते ही कंपनी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लीकेज को बंद किया।