शहर में 13 घंटे की हुई बारिश ने सोमवार को नगर निगम, जनस्वास्थ्य विभाग और हुडा प्रशासन के जल निकासी के दावों की पोल खोल दी है। इस दौरान शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव के बीच लोगों के दो पहिया और चार पहिया वाहन बंद हो गए। वहीं, कई जगह लोग अपने वाहनों को खींच कर ले जाते हुए दिखाई दिए, जबकि कई जगह पानी में ही कार खराब हो गई। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। छोटूराम चौक से शांतमई चौक तक की सड़क पानी की वजह से नदी के रूप में दिखी। इस दौरान अधिकतर स्थानों पर 18 से 20 इंच तक पानी भरा रहा, जबकि जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता ने दावा किया कि कुछ जगहों पर ही आठ से दस इंच जलभराव हुआ।
शहर में सोमवार तड़के 3:50 बजे से शुरू हुई तेज बारिश दोपहर 3:40 बजे तक होती रही। बाद में 4:50 बजे तक रिमझिम फुहार पड़ती रही। इस दौरान बारिश रुकने का इंतजार करते रहे, बाद में लोग जरूरी काम के लिए दोपहिया अथवा चार पहिया वाहन से बाहर निकले। जलभराव होने की वजह से दो पहिया और चार पहिया वाहन चालक मंजिल तक नहीं पहुंच पाए। रास्ते में जलभराव के बीच ही उनके वाहन बंद हो गए। लोगों को जलभराव के बीच वाहनों को खींचने के लिए मजबूर होना पड़ा।
सर्वाधिक जलभराव छोटूराम चौक से शांतमई चौक तक
शहर में सर्वाधिक जलभराव छोटूराम चौक से शांतमई चौक तक हुआ। मार्ग से कोई भी दोपहिया वाहन नहीं निकल सका। अधिकतर लोग वाहन को खींचकर निकलते दिखाई दिए। भाजपा कार्यालय हुडा कॉम्प्लेक्स, भिवानी रोड पर पालिका कॉलोनी, हिसार रोड, रेलवे रोड, माल गोदाम रोड पर डेढ़ से दो फीट (24 इंच) तक जलभराव हुआ। वहीं, सुभाष चौक, पालिका बाजार, सामान्य अस्पताल के सामने, सोनीपत स्टैंड, मेडिकल मोड़, रेडियो स्टेशन के पास, न्यू बस स्टैंड मोड़, हुडा सिटी पार्क के पीछे कॉलोनी, शीला बाईपास, सुखपुरा चौक, टीवी अस्पताल के पास, कबीर कॉलोनी, गोकर्ण, बाबरा मोहल्ला, सलारा मोहल्ला, सेक्टर-एक, सेक्टर-दो, सेक्टर दो-तीन एरिया, सेक्टर-पांच में जलभराव हुआ।
नाला बंद होने से हुआ होगा जलभराव
अप्पूघर का पंपिंग स्टेशन पूरी क्षमता से काम कर रहा है। छोटूराम चौक पर ज्यादा जलभराव की वजह निगम का कोई नाला बंद होने की वजह से संभव है। हिसार रोड की जल निकासी के लिए एक पंप चल रह था। इसकी वजह से जलभराव की स्थिति आई। दूसरे पंप को सही करके चला दिया गया है, अब जलभराव नहीं होगा।
-राजीव गुप्ता, अधीक्षण अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग
पंप लगाकर टीमें जल निकासी में जुटीं
जल निकासी के लिए कई टीमें लगी हुई हैं। कई जगहों पर पंप लगाकर जलभराव की समस्या का समाधान किया जा रहा है। बारिश थमने के बाद पंपों के चलने का असर दिखेगा।
-प्रदीप गोदारा, आयुक्त, नगर निगम
जनस्वास्थ्य विभाग को जरूरी इंतजाम के दिए निर्देश
सोमवार की शाम को जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करके जल निकासी के समुुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश के बाद हुए जलभराव से शहरवासियों को काफी दिक्कत हुई है। ऐसे में बेहतर व्यवस्था करने और आगे समस्या न होने के निर्देश भी दिए गए हैं।
-मनमोहन गोयल, मेयर