रेलवे की कुश्ती खिलाड़ी के घर से 3 लाख 30 हजार रुपये के जेवरात चोरी हो गए हैं। अक्सर घर पर आने वाली कुश्ती खिलाड़ी की सहेली के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी राजस्थान की रहने वाली है और छोटूराम स्टेडियम में प्रैक्टिस करती है।
पुलिस के मुताबिक बसंत विहार निवासी एक महिला ने दी शिकायत में बताया है कि उसकी बेटी रेलवे में कार्यरत है और कुश्ती की प्रैक्टिस करती है। छोटूराम स्टेडियम में राजस्थान की एक लड़की भी कुश्ती की प्रैक्टिस करती है, जो उसकी बेटी के पास आती रहती है। बेटी की सहेली होने के कारण युवती अक्सर आ जाती थी। 19 जून को बेटी की सहेली घर आई हुई थी। उसे कहा कि अपने अंकल से आलमारी की चाबी लेकर मुझे 2 हजार रुपये दे दे। उसने पैसे निकाल कर दे दिए। महिला बाजार चली गई, जबकि बेटी की सहेली घर पर थी। उसी के पास अलमारी की चाबी थी। उस समय घर और कोई नहीं था। उसने आकर देखा तो बेटी की सहेली सामान बैग में डाले हुए थी। उसने पूछा क्या लेकर जा रही है। उसने कहा कि मेरा सामान है। महिला ने 10 जुलाई केे आलमारी की जांच की तो आलमारी से दो सोने के कड़े, एक हार, एक गले का सेट, 4 अंगूठी, कानों के झूमके व अन्य जेवरात गायब मिले। उसे शक है कि बेटी की सहेली ही जेवरात निकाल कर ले गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
चिन्नोट कॉलोनी में मकान से साढ़े 6 लाख के जेवरात व नकदी चोरी
चिन्नोट कॉलोनी में चोर एक मकान में घुसकर 6 लाख रुपये के जेवरात व नकदी निकाल कर ले गए। इस संबंध में आर्य नगर थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक चिन्नोट कॉलोनी निवासी मनन गुलाटी ने दी शिकायत में बताया कि रविवार की रात कोई उसके घर में घुसकर आलमारी से 6 लाख के जेवरात व 50 हजार रुपये की नकदी निकाल कर ले गया। अलमारी के अंदर से दो सोने के कड़े, दो सोने की चेन, 3 जोड़ी टॉप्स, 3 सोने की अंगूठी नहीं मिली। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया।