रोहतक। मूल रूप से गांव पहरावर के रहने वाले फिल्म निर्माता व म्यूजिक डायरेक्टर दादा साहेब फाल्के अवाॅर्डी संगीतकार जेपी कौशिक यानि जगफूल कौशिक की याद में उनके पुत्र सुनील कौशिक ने गौड़ ब्राह्मण स्कूल के लिए छात्रवृत्ति शुरू की है। उन्होंने एक लाख रुपये का चेक गौड़ ब्राह्मण शिक्षण संस्थाओं के सचिव डॉ. जयपाल शर्मा को छात्रवृत्ति के लिए दिया। इस राशि की एफडी करवाकर प्रतिवर्ष विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी।
सचिव डॉ. जयपाल शर्मा ने कहा कि यह राशि विद्यार्थियों के हित में लगाई जाएगी और इससे स्कूल के विद्यार्थियों का भी उत्साह बढ़ेगा। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. अनीता गौड़, डॉ. कपिल कौशिक, रोहित कौशिक, सोनिया शर्मा, ममता शर्मा, परवीन कौशिक, रवि कौशिक, छोटूराम शर्मा, कुलदीप आदि मौजूद रहे।
संगीतकार जेपी कौशिक ने गौड़ ब्राह्मण स्कूल से शिक्षा ग्रहण की थी। सुनील कौशिक बताते हैं कि उनके पिता जेपी कौशिक को 86 की उम्र में दादा साहेब फाल्के अवार्ड मिला। शहर और सपना फिल्म के लिए उन्हें राष्ट्रपति स्वर्ण पदक व बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर अवार्ड भी मिला। उन्होंने मुंबई से अपने कॅरिअर की शुरूआत हिन्दुस्तान के सुपरस्टार अमिताभ बच्चन की फिल्म सात हिन्दुस्तानी से की थी।
इन फिल्मों में दिया संगीत
जेपी कौशिक ने हिंदी, हरियाणवीं, राजस्थानी और इंग्लिश फिल्म द कॉर्नर शॉप में भी संगीत दिया। उन्होंने हरियाणा में बनने वाली पहली फिल्म बहुरानी से अपनी पारी की शुरुआत की थी। बाद में उन्होंने हिंदी फिल्म हमारा घर, आसमान महल, बस्ती और बाजार में, हरियाणवीं फिल्म चंद्रावल व सांझी और राजस्थानी फिल्म धर्मभाई व लाडो रानी जैसी करीब 20 क्षेत्रीय फिल्मों में म्यूजिक दिया।