महम। स्थानीय अनाज मंडी में शुक्रवार को डीएपी वितरण की सूचना पाकर किसानों की लंबी लाइन लग गई। हैफेड बिक्री केंद्र के बाहर महिला व पुरुष किसान एकत्रित हो गए। भीड़ बढ़ने पर पुलिस तक बुलानी पड़ी। इसके बाद खाद की बिक्री हो सकी।
किसान राजेंद्र, राजेश, सचिन,बारे नेहरा,आदि ने बताया कि सुबह दस बजे डीएपी खाद मिलने की सूचना के बाद वे आए थे। यहां आकर देखा तो लंबी लाइन लगी हुई थी। गेहूं की बुवाई के लिए डीएपी की जरूरत है। कुछ किसान इसके स्थान पर एनपीके, नैनो डीएपी या एसएसपी का प्रयोग कर रहे हैं, लेकिन माना जा रहा है कि डीएपी की तुलना में दूसरे खाद डालने पर गेहूं इतना बढ़़वार नहीं ले पाता है। डीएपी खरीदने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद भी खाद नहीं मिल रहा है।
इफको केंद्र पर 380 बैग डीएपी का वितरण किया गया। इसी प्रकार हैफेड बिक्री केंद्र पर भी किसानों को आधार कार्ड के अनुसार डीएपी के लिए रसीद दी गई है। लाइन में लगे हुए किसानों के आगे कुछ किसान बिना लाइन ही खाद लेने की जिद करने लगे तो पुलिस बुलानी पड़ी । पुलिस की मौजूदगी में किसानों का आधार कार्ड जमा किया गया। हैफेड बिक्री केंद्र के मैनेजर जयसिंह का कहना है कि ज्यों ही डीएपी आता है तुरंत आधार कार्ड के माध्यम से वितरित किया जाता है। बताया कि पहले दिन सभी से आधार कार्ड व पैसे लेकर उनकी रसीद दी गई है। शनिवार को खाद वितरण किया जाएगा।