रोहतक। नवनियुक्त उपायुक्त सतबीर सिंह ने आज लघु सचिवालय में कार्यभार संभाला। वर्ष 2018 बैच के आईएएस अधिकारी सतबीर सिंह इससे पूर्व आयुष्मान भारत हरियाणा स्वास्थ्य सुरक्षा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रहे। पदभार ग्रहण करते हुए उन्होंने शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक शीघ्र पहुंचाने का संकल्प जताया। प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और पुलिस टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगराधीश शुभम, डीडीपीओ राजपाल चहल, डीपीईआरओ संजीव सैनी व अन्य प्रशासनिक अधिकारी माैजूद रहे।
पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से हों निपटारा
पदभार ग्रहण करने के बाद उपायुक्त ने लघु सचिवालय के सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बैठक में निर्देश दिए कि शिकायत पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता से निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर, जनसंवाद, सीपीग्राम्स व सीएम विंडो पर शिकायतों की कार्रवाई रिपोर्ट आगामी सोमवार तक हर हाल में अपलोड करना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने जोर दिया कि नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने विकास परियोजनाओं की गति बढ़ाने को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।