रोहतक। अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रोहतक की बेटी पहलवान सारिका मलिक ने सिल्वर पदक जीता। यह प्रतियोगिता सर्बिया में आयोजित की जा रही है। कोच मनदीप ने विजेता खिलाड़ी को बधाई दी। बसंतपुर निवासी सारिका ने बताया कि वह विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2024 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने से चूक गई थीं।
मुकाबले के दौरान घुटने में चोट लगने से पदक व चैंपियन बनने का सपना दोनों अधूरे रह गए। चोट से बड़ी चिंता रिकवरी थी। कोच मनदीप व परिवार ने सहयोग दिया तो रिकवरी कर पाईं। सर्जरी के बाद कड़ी मेहनत व मजबूत इच्छाशक्ति से फिर मैदान में उतर पाईं और दस महीने बाद पूरे जोश के साथ दंगल में उतरकर राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक जीता।
साक्षी को देखकर शुरू की कुश्ती
महिला पहलवान सारिका मलिक ने ओलंपियन साक्षी मलिक से प्रेरित होकर कुश्ती खेलना शुरू किया। ओलंपिक में साक्षी को कुश्ती खेलते देखा था। उस दिन ठान लिया कि वह भी कुश्ती में अपना और गांव का नाम रोशन करेंगी। इसी कड़ी में उन्होंने वर्ष 2017 में कोच मनदीप के पास कुश्ती प्रशिक्षण लेना शुरू किया।