रोहतक। नई दिल्ली के एक निजी होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में लेवल्स फाइट लीग ने प्रोफेशनल रेसलर संग्राम सिंह के आगामी अंतरराष्ट्रीय फाइट कार्ड की आधिकारिक घोषणा की। संग्राम सिंह 2 नवंबर को आम्स्टर्डम में प्रतिष्ठित एमएमए मुकाबले में ट्यूनिशिया के हाकिम त्राबेलसी का सामना करेंगे। संग्राम सिंह की दूसरी अंतरराष्ट्रीय एमएमए वापसी होगी।
40 वर्ष की उम्र में संग्राम सिंह पहले भारतीय एमएमए फाइटर बन गए हैं जो लेवल्स फाइट लीग के वैश्विक मंच पर उतरेंगे। एलएफएल अध्यक्ष डोनोवन पनायोटिस ने कहा संग्राम पूरी दुनिया के खेल प्रेमियों के लिए प्रेरणा हैं। लेवल्स फाइट लीग में उनका शामिल होना वैश्विक स्तर पर भारतीय खेल भावना को पहचान दिलाएगा। उनकी ऊर्जा, विनम्रता और कठिन परिश्रम की भावना उन्हें भारत का सच्चा प्रतिनिधि बनाती है।
हाकिम त्राबेलसी के कोच अंसारी शकीर ने कहा भारत के सबसे ताकतवर फाइटर के खिलाफ मुकाबला करना हाकिम के लिए सम्मान की बात है।
प्रोफेशनल रेसलर संग्राम सिंह ने कहा कि फिटनेस की कोई उम्र नहीं होती। 40 की उम्र में मैं खुद को पहले से ज्यादा मजबूत और केंद्रित महसूस करता हूं। संग्राम सिंह के कोच भूपेश कुमार ने कहा कि उन्होंने संग्राम को कई सालों से देखा है। उनकी फाइटिंग स्टाइल सबसे अलग है।