देश के पहले प्रोफेशनल रेसलर और बीग बॉस-7 के कंटेस्टेंट संग्राम सिंह सिर्फ 20-30 दिनों में अपने दोस्तों और सेलिब्रिटी को 500 गाय गोद दिलवा चुके हैं।
अभिनेता सुनील शेट्टी, मनोज तिवारी और उनके मंगेतर पायल रोहतगी को गाय दिलवाने के बाद अब वह बजरंगी भाईजान से इस मुहिम में जुड़ने की अपील करेंगे।
वह बहुत जल्द बजरंगी भाईजान यानी सलमान खान से मिलकर उन्हें भी एक गाय गोद दिलवाएंगे। यह बात रेसलर संग्राम सिंह ने कही।
वह मंगलवार को जन सेवा संस्थान आश्रम में मंदबुद्धि बच्चों, बुजुर्गों और विधवा महिलाओं के साथ छोटी दीपावली सेलिब्रेट करने के लिए आए थे।
इसी दौरान पत्रकारों से बातचीत में संग्राम सिंह ने इंडिया में ‘वर्ल्ड रेसलिंग’ कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इसी साल दिसंबर की आखिर में यह रेसलिंग होगी।
दिवाली के मौके पर अपने शहर पहुंचे संग्राम सिंह ने कहा कि वे जल्द ही 20 हजार युवाओं को साथ में लेकर शरीर दान का अभियान चलाएंगे। इसके साथ-साथ युवाओं को रक्तदान-नेत्रदान के लिए भी प्रेरित करेंगे। जिसमें वे खुद भी शरीर दान करने का पत्र भरेंगे। मंगेतर पायल रोहतगी के साथ विवाह करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगले साल मार्च में वह शादी करेंगे। यह शादी बहुत साधारण तरीके से होगी। इसके बाद सभी करीबी रिश्तेदारों और दोस्तों को रिसेपशन देंगे।
‘रियल हीरो’ के जरिए बटोरेंगे सुर्खियां
रेसलर संग्राम सिंह जल्द ही डिस्कवरी चैनल पर आने वाले रियल्टी शो ‘रियल हीरो’ के जरिए अपने फैन की सुर्खियां बटोरेंगे। इस रियल्टी शो की शुरुआत संग्राम के जीवन संघर्ष से होगी। इस शो में कुल 25 एपिसोड है, जिसमें उनके 8 एपिसोड होंगे। इस शो को बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन होस्ट कर रहे हैं।
दीये जलाकर और जरूरतमंदों की मदद कर मनाएं दीपावली
उन्होंने कहा कि इस दीपावली घी के दीये जलाएं और स्वदेशी सामान ही खरीदें। साथ ही, जरूरतमंदों की मदद कर इस पर्व को सार्थक मनाएं।
जहर है कोल्ड ड्रिंक, इसलिए नहीं किया विज्ञापन
रोहतक के मदीना गांव निवासी संग्राम ने कोल्ड ड्रिंक का विज्ञापन भी शूट करने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि यह एक जहर है, जो शरीर को धीरे-धीरे खोखला करती है। इसलिए उन्होंने विज्ञापन करने से मना किया।
युवाओं को ठेस न पहुंचे, ठुकराया ‘दंगल’ का ऑफर
संग्राम ने बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ में रेसलर का ऑफर ठुकरा दिया है। इसके पीछे मुख्य कारण फिल्म में रेसलिंग के दौरान आमिर खान से हारना था। इसी वजह से यह रोल संग्राम को मंजूर नहीं थे।
हर साल लड़ेंगे एक फाइट
बिग बॉस-7 के फाइनल कंटेस्टेंट में पहुंच चुके संग्राम ने ठान लिया है कि वे हर साल एक फाइट और एक फिल्म करने के साथ एक रियल्टी शो करेंगे। वह अपनी ग्लैमर छवि के जरिए युवाओं की खेलों के प्रति रुचि को बढ़ाएंगे। साथ ही जरूरतमंद बच्चों, गाय, शरीरदान के साथ रक्तदान-नेत्रदान के लिए अभियान चलाते रहेंगे।