रोहतक। बस स्टैंड परिसर के चालक प्रशिक्षण स्कूल में हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ ने डिपो स्तरीय बैठक की। प्रधान जगदीप लाठर ने बताया कि बैठक का उद्देश्य पूर्व में डिपो प्रधान सोनू हुड्डा का स्थानांतरण होने के कारण नई कमेटी चुनी गई। सर्वसम्मति से संदीप सिंघवा को हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ रोहतक डिपो का प्रधान व सुनील अहलावत को चेयरमैन चुना गया।
15 सदस्यों की कार्यकारिणी सर्वसम्मति से चुनी गई। जगदीप लाठर ने बताया कि 22 मई को परिवहन महानिदेशक से बैठक में अर्जित अवकाश, दो साल से पेंडिंग रात्रि भत्ता आदि मांगों पर सहमति बनी है, लेकिन अभी तक कोई पत्र जारी नहीं किया गया। ऐसे में रोडवेज कर्मचारियों में भारी रोष है।
राज्य उप प्रधान संदीप रंगा ने कहा कि सरकार लगातार कर्मचारियों का शोषण कर रही है। साझा मोर्चा की कई बार सरकार से बातचीत हुई है, लेकिन धरातल पर एक भी मांग लागू नहीं की जा रही। बैठक की अध्यक्षता पूर्व प्रधान सोनू हुड्डा व मंच संचालन दीपक हुड्डा ने किया। मुख्य रूप से राज्य के प्रधान जगदीप लाठर, राज्य उप प्रधान संदीप रंगा, सज्जन कंडेला, कृष्ण सुहाग ने शिरकत की।