सांपला। बुधवार दोपहर कस्बे के अलावा आसपास के इलाकों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। बारिश की वजह से कस्बे की सभी सड़कें जलमग्न हो गईं। इससे जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। बारिश के दौरान ही स्कूली बच्चों की छुट्टी होने से विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई जगह डेढ़ से दो घंटे तक पानी भरा रहा। जलभराव के कारण दो पहिया वाहन बंद होने से लोगों को भारी परेशानी हुई।
कस्बे में दोपहर करीब 12 बजे बारिश शुरू हुई। करीब सवा घंटे हुई बारिश सांपला की सड़कें जलमग्न हो गई। नई अनाज मंडी के सामने, सड़क रेलवे रोड और झज्जर मार्ग सरकारी अस्पताल के सामने करीब दो से ढाई फीट पानी सड़क पर जमा हो गया। कार दोपहिया वाहन चालकों को यहां से गुजरना मुश्किल हो गया। इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि बारिश कितनी तेज थी। लोगों ने कहा कि इस सीजन की सवा घंटे की बारिश सबसे तेज रही। बूंदाबांदी शाम तक जारी रही। मौसम विभाग के मुताबिक वीरवार को भी मौसम परिवर्तनशील रहेगा।