रोहतक। सांपला के कारोबारी अतुल ओहल्याण ने जयपुर के कारोबारी लियाकत अली व उसके साथी मुफरीद के खिलाफ धोखाधड़ी की सांपला थाने में मंगलवार को एफआईआर लिखाई है। कहा, आरोपियों ने बुलडोजर बेचने के नाम पर उनसे 25 लाख रुपये ठग लिए।
महाकालेश्वर कंपनी के मालिक अतुल ओहल्याण ने बताया कि उन्होंने 12 जनवरी को इकरम खान नाम के व्यक्ति से 25 लाख रुपये में बुलडोजर खरीदा था। यह जयपुर निवासी लियाकत अली के नाम पर था।
ऐसे में उन्होंने डिलीवरी के समय लियाकत अली को पेमेंट करके गाड़ी में बुलडोजर लोड करा दिया था। जब चालक बुलडोजर लेकर आ रहा था तो रास्ते में लियाकत अली ने साथी मुफरीद के साथ मिलकर बुलडोजर को ट्राले से उतरवा लिया और साथ ले ले गए।
उन्होंने जयपुर के जयसिंह पुरा खोर थाने में शिकायत दी तो थाना प्रभारी ने कहा कि जेवर थाने में जाएं। जेवर के थाना प्रभारी ने कहा कि यह शिकायत जयपुर थाने में दर्ज होगी। इस तरह दो माह से वे जयपुर व जेवर के बीच चक्कर काटते रहे। अभी तक न पैसे मिले और न ही मशीन। रोहतक पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।