रोहतक। उपायुक्त अजय कुमार ने कहा कि आम जनता की शिकायतों के निदान के लिए गत 10 जून से आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों में अब तक तीन हजार शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं। इनमें से जिला प्रशासन लगभग 86 प्रतिशत शिकायतों का निपटारा कर चुका है। लंबित शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया जारी है। प्रतिदिन लगभग 100 शिकायतें समाधान शिविर में प्राप्त हो रही हैं।
उपायुक्त ने कहा कि लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेश कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त विजय सिंह मलिक, नगराधीश अंकित कुमार के साथ लोगों की शिकायतों की सुनवाई के लिए तैनात रहते हैं। सोमवार को समाधान शिविर में 52 शिकायतें प्राप्त हुईं। इन्हें मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निपटारे के लिए सौंप दिया गया। शिविर में प्राप्त हो रही शिकायतों में से लगभग 50 प्रतिशत शिकायतें परिवार पहचान पत्र की त्रुटियों को ठीक कराने, 20 प्रतिशत शिकायतें प्रॉपर्टी आईडी के संदर्भ व अन्य शिकायतें बिजली, पानी, विकास व पंचायत, समाज कल्याण व अन्य विभागों से संबंधित हैं।
उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविर में एक स्थान पर ही सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर लोगों की शिकायतें सुनकर उनका यथाशीघ्र निपटारा कर रहे हैं। आम जनता की हर शिकायत के निदान के लिए प्रति कार्य दिवस सुबह 9 से 11 बजे तक जिला व उपमंडल मुख्यालय पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे है। शिविरों में प्राप्त हो रही शिकायतों का यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। मौके पर संबंधित अधिकारियों द्वारा शिकायत के निपटारे की प्रक्रिया अमल में लाई जाती है। इस मौके पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, जिला राजस्व अधिकारी कनब लाकड़ा, उप निगम आयुक्त जितेंद्र कुमार, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक वरिंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।