रोहतक। स्कूल कैडर लेक्चरर एसोसिएशन (सलाह) ने मांगों व समस्याओं का मांग पत्र शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा को भेजा। मांगपत्र में शिक्षकों ने समस्या के समाधान को लेकर बैठक बुलाने की अपील की है। सलाह के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अशोक शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष गुरदीप सैनी व महासचिव अजय मलिक की ओर से यह 20 सूत्रीय मांग पत्र भेजा गया है।
सलाह के मांग पत्र में कहा गया है कि लेक्चरर की नवीनतम वरिष्ठ सूची जारी कर सभी को कंफर्म करने की मांग की गई है। प्राचार्य की पदोन्नति सूची जल्द जारी करने, शिक्षकों की कम संख्या की जगह तबादले के अनुसार पद भरने, स्कूलों को शैक्षिक सत्र में चलने में आ रही परेशानियों को दूर करने की मांग की गई है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गुरदीप सैनी ने कहा कि लेक्चरर को 5400 ग्रेड-पे के स्थान पर प्रिंसिपल के पद का ही पे स्केल दिया जाए। कॉलेज कैलेंडर की तरह ही एसीपी 49 और 14 वर्ष में प्रदान की जाए। इसके लिए समय सीमा निर्धारित होनी चाहिए। उप प्रधानाचार्य का पद बनाया जाए। सभी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में भूगोल विषय व कन्या स्कूलों में गृह विज्ञान का पद सृजित किया जाए।
हरियाणा के सभी स्कूलों को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के तहत ही रखा जाए। शिक्षकों के लिए चिकित्सा अवकाश दिया जाए। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की मार्किंग ड्यूटी का मानदेय सीबीएसई के समान किया जाए। शिक्षकों से गैर शिक्षण कार्य न लिया जाए। सभी कर्मचारियों की पेंशन बहाल की जाए।