सीएम मनोहर लाल खट्टर ने राजकुमार सैनी के खिलाफ जल्द ही जनता को भड़काने और समाज को बांटने के लिए राजद्रोह का मामला दर्ज नहीं किया तो जाट समाज एक बड़ा आंदोलन करेगा।
जिसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। यह बात रोहतक 84 खाप के प्रधान हरदीप अहलावत ने कही। वे शुक्रवार को गांव सुंदरपुर में हुई एक बैठक में बोल रहे थे।
अहलावत ने कहा कि सैनी समाज में फूट डालो और राज करो की राजनीति कर रहे हैं। जिसे प्रदेश की जनता किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि जाट हमेशा शांतिप्रिय रहे हैं और क्षेत्र के विकास में अपना भरपूर योगदान देते आए हैं। लेकिन, यह जाट को कतई बर्दाश्त नहीं होगा कि कोई उसे अपनी राजनीति के लिए गाली दे।
अगर कोई जाटों को ललकारेगा तो उसका मुंह तोड़ जवाब देना भी जाट समाज अच्छी तरह से जानता है। अगर सैनी में इतना ही दम है तो वे इस्तीफा देकर दोबारा चुनाव लड़कर देख लें।
किसी भी समाज का कोई व्यक्ति जाटों के खिलाफ नहीं है। केवल राजकुमार सैनी और उसके चहेते जाटों को लेकर अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। इस अवसर पर सज्जन खासा, हुड्डा खाप प्रधान धर्मपाल हुड्डा, अहलावत खाप प्रधान जय सिंह अहलावत, चरण सिंह, प्रकाश बुधवार, अठगामा बोहर प्रधान बलराज नांदल, अशोक दलाल, बिजेन्द्र गुलिया, नसीब राठी, लीला सरपंच और आनंद सिंह मौजूद रहे।