रेवाड़ी। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने सोमवार को गढ़ी बोलनी रोड स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में विकास कार्यों को लेकर ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, सरपंचों और पंचायत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। विधायक ने सरपंचों व पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं और उनका समाधान कराने का आश्वासन दिया।
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि ग्रामीण विकास सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि बेहतर तालमेल बैठाकर गांवों की समस्याओं का क्रमबद्ध तरीके से समाधान कराना सुनिश्चित करें। विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही व कोताही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक वर्ग का चहुंमुखी विकास कराने को कटिबद्ध हैं। असली हरियाणा हमारे गांवों में बसता है। इसलिए ग्रामीण विकास का सरकार पर विशेष फोकस है।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि गांवों में भी शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध हों। इस मौके पर डीडीपीओ नरेंद्र सारवान, बीडीपीओ कविता, एक्सईएन नरेंद्र गूलिया, रेवाड़ी खंड सरपंच एसोसिएशन प्रधान जैकी, रेवाड़ी ब्लॉक समिति चेयरमैन रविंद्र खोला समेत अधिकारी मौजूद रहे।