स्कूलों में दाखिला नहीं मिलने पर अभिभावक करेंगे प्रदर्शन
- फोटो : Demo pic
नियम 134ए के तहत हुई दूसरी परीक्षा में 50 फीसदी से ज्यादा विद्यार्थियों के फेल होने की वजह से अभिभावकों में रोष है। ऐसे में अब अभिभावक बच्चों के भविष्य के लिए भूख हड़ताल करेंगे। साथ ही अभिभावकाें ने एकजुट होकर शिक्षा विभाग और प्रदेश सरकार के खिलाफ रणनीति बनाने का फैसला लिया है। रविवार को सुबह 10 बजे मानसरोवर पार्क में अभिभावक एक बैठक कर रणनीति की घोषणा करेंगे।
पहली परीक्षा में न बैठ पाने वाले विद्यार्थियों के लिए ही दूसरी बार परीक्षा कराई गई। इस परीक्षा में जिले से करीब 927 विद्यार्थी बैठे थे। जिन्होंने दूसरी से 12वीं कक्षा के लिए प्रवेश परीक्षा दी थी, लेकिन 285 विद्यार्थी ही 55 फीसदी अंक ले पाए हैं। ऐेसे में 642 विद्यार्थियाें के लिए निजी स्कूलों में दाखिला लेने की राह बहुत मुश्किल हो गई है। इनमें से अधिकतर विद्यार्थियों ने तो अभी तक स्कूलों में दाखिला नहीं लिया है और शैक्षणिक सत्र के तीन माह भी बीत चुके हैं।
जानबूझकर बच्चों को किया जा रहा फेल: हुड्डा
दो जमा पांच मुद्दे जन आंदोलन के प्रदेश संयोजक एडवोकेट सत्यवीर सिंह हुड्डा ने प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग पर जानबूझकर बच्चों को फेल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा झूठ बोल रहे हैं कि 58 हजार बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला मिल चुका है। दूसरी परीक्षा में भी ज्यादातर विद्यार्थियों कठिन पेपर की वजह से फेल हुए हैं। वे जल्द ही इसी मामले में शिक्षा विभाग के डायरेक्टर और शिक्षामंत्री से मुलाकात करेंगे।