24जेएनडी21: रग्बी प्रतियोगिता में दमखम दिखाते हुए खिलाड़ी। स्रोत : कोच
जींद। आधारशिला पब्लिक स्कूल में शनिवार को पहली बार अस्मिता रग्बी राज्य प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। 24 और 25 अक्तूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की अंडर-15 और अंडर-18 आयु वर्ग की 20 टीमें भाग ले रही हैं। पहले दिन लड़कियों के लीग मुकाबले करवाए गए।
प्रतियोगिता का शुभारंभ हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष कृष्ण मिड्ढा के प्रतिनिधि रुद्राक्ष मिड्ढा ने किया। मुकाबलों का लाइव प्रसारण खेलो इंडिया के यूट्यूब चैनल पर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रग्बी एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की उपाध्यक्ष संयम मराठा ने की।
प्रतियोगिता के संचालन के लिए बबीता सिंह को टूर्नामेंट मैनेजर और असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी सारिका सिंह को ज्यूडिशियल ऑफिसर नियुक्त किया गया है। हाल ही में वर्ल्ड रग्बी लेवल-1 मैच ऑफिशियल्स का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली दीपा, करीना, ईशा, अंजली, पायल, सीमा, ज्योति, कुसुम, अनीता और प्रीति ने मैच अधिकारियों की भूमिका निभाई।
रग्बी एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के निदेशक नरेंद्र मोर ने बताया कि प्रदेश में इस स्तर पर अस्मिता रग्बी राज्य प्रतियोगिता का आयोजन पहली बार हो रहा है। इसका उद्देश्य लड़कियों को रग्बी में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर देना है। रग्बी हरियाणा के सचिव सुशील कुमार ने बताया कि दूसरे दिन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे के मुकाबले और समापन संबंधी गतिविधियां होंगी। इस अवसर पर जिला रग्बी संघ के प्रधान सुरेश अहलावत, सचिव मुनीत बेरवाल, उपप्रधान देवेंद्र शर्मा, कृष्ण सिंगरोहा, सोनिया, राजेंद्र सैनी, गौरव आशरी और प्रदीप लाठर मौजूद रहे।