अनाजमंडी में 3 अप्रैल को होने वाले सद्भावना सम्मेलन की तैयारियों में आरएसएस और सामाजिक संगठनों के बाद प्रशासन भी जुट गया है। प्रशासनिक अधिकारी सोमवार को आयोजन स्थल पर पहुंचे और सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्था में जुटे कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
समरसता मंच हरियाणा की ओर से 3 अप्रैल को नई अनाजमंडी में सद्भावना सम्मेलन होना है। इसमें संत समाज के अलावा बॉलीवुड और खेल हस्तियां शामिल होंगी। इसकी तैयारियों के लिए आरएसएस और सामाजिक संगठनों के लोग लगे हुए हैं। अब प्रशासनिक अधिकारी भी उसकी तैयारियों में जुट गए हैं। डीसी अतुल कुमार के साथ एसपी शशांक आनंद, स्वामी परम चैतन्य, समरसता मंच के संयोजक सुभाष आहूजा, मंजुल पालीवाल के साथ अन्य लोग सोमवार को नई अनाज मंडी पहुंचे।
यहां उन्होंने आयोजकों से विचार-विमर्श किया। उन्होंने सम्मेलन में पहुंचने वाले लोगों के बैठने, वाहनों की पार्किंग, पेयजल और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था के विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। पुराने शुगर मिल में बनाई जाने वाली पार्किंग का भी जायजा लिया और अधिकारियों को अनाज मंडी के बाहर सड़क के साथ पडे़ मिट्टी के ढेरों को समतल करने के लिए निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम डॉ. मुनीश नागपाल, नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर अरविंद मल्हान, डीडीपीओ नरेंद्र सारवान, तहसीलदार गुलाब सिंह, समरसता मंच के कार्यकर्त्ता प्रमुख रवि कुमार, अनिल कुमार, सतीश गोयल, आढ़ती एसोसिएशन के हर्ष गिरधर लोग मौजूद रहे।