गर्मी में रोहतक के कूलर केवल हरियाणा ही नहीं बल्कि यूपी-राजस्थान तक ठंडक पहुंचा रहे हैं। बढ़ते तापमान के बीच कूलर के नए डिजाइन ग्राहकों के लिए आकर्षण बने हैं। बाजार में 3 हजार से 30 हजार रुपये तक के कूलर उपलब्ध हैं। गुणवत्ता के आधार पर छोटे-बड़े कूलरों के दाम अलग-अलग हैं।
उद्यमी शांतनु सैनी ने बताया कि रोहतक में 35 से 40 कूलर इकाइयां है। प्रत्येक में रोजाना 30 से 40 कूलर तैयार होते हैं। यहां तैयार हुए कूलर हरियाणा के तमाम जिलों के अलावा उत्तर प्रदेश और राजस्थान तक पहुंचते हैं। ऐसे में रोहतक का कूलर कारोबार गर्मी आते ही चमक उठा है।
गोहाना अड्डा के कूलर दुकानदार अशोक कुमार ने बताया कि कूलर की हवा व्यक्ति को फ्रेश रखती है। इसी कारण ज्यादातर खिलाड़ियों के कक्षों, अखाड़ों व अन्य समारोह स्थलों पर कूलर को ही महत्व देते हैं। पालिका बाजार के दुकानदार अजय जोशी ने बताया कि कूलर की अहमियत है और जरूरतों के अनुसार उसका प्रयोग किया जाता है।
वहीं कूलर खरीदने आए सेक्टर 36 निवासी ग्राहक बलजीत सिंह ने बताया कि गर्मी बढ़ने लगी है। ऐसे में कूलर की जरूरत हो चली है। चिन्योट कॉलोनी निवासी उपभोक्ता मनोज ने बताया कि कूलर के दाम सामान्य होने के कारण यह आम आदमी की पहुंच में रहता है।
वहीं गांधी कैंप निवासी सरोज कुमारी का कहना है कि कूलर के प्रयोग से कमरा ठंडा बना रहता है और इससे बिजली का बिल बहुत ज्यादा नहीं आता है। एसी के मुकाबले कूलर सस्ता पड़ता है।
45 डिग्री से ज्यादा तापमान में एसी खराब होने का भय रहता है लेकिन कूलर उस तापमान में भी बिना खराब हुए घर में ठंडक बनाए रखता है। कूलर का सीजन केवल दो माह का ही होता है।