कच्चा बेेरी रोड पर कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा के मौजूदगी में भाजपा के सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल से सवाल-जवाब करते व्यापारी।
- फोटो : Amar Ujala
रोहतक।
शहर के कच्चा बेरी रोड पर एक माह बाद भी सीवरेज नाले की सफाई न होने और सड़क पर दुकानों के आगे गंदा पानी खड़ा होने से बुधवार को दुकानदारों का धैर्य जवाब दे दिया। दोपहर बाद जब कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा मौके पर पहुंचे तो उनके सामने ही भाजपा के नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल को खरी-खोटी सुनाई। एक दुकानदार सुरेंद्र बल्ली ने कहा कि आपको यह ड्रामा लग रहा है। हर रोज सुबह दुकानों के बाहर सफाई करनी पड़ती है। विधायक ने दुकानदारों को शांत किया।
दुकानदार विशंभर ने बताया कि कच्चा बेरी रोड पर दुग्ध की डेयरियां हैं, जिसके चलते अक्सर सीवरेज के नाले जाम हो जाते हैं। एक माह पहले नाले की सफाई के लिए नाले के ऊपर के स्लैब हटाए गए और दुकानों के बाहर बनी सीढ़ियां तोड़ी गई। अब तक नाले की सफाई पूरी नहीं हो सकी है। नाले का गंदा पानी सड़क पर खड़ा हो जाता है। साथ ही गोबर की बदबू मारती रहती है। दुकानदारों की परेशान देखकर बुधवार को कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा मौके पर पहुंचे। वहां तभी नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल भी मौजूद गए। दुकानदारों और सीनियर डिप्टी मेयर के आपस में सवाल जवाब हुए। सहगल ने भरोसा दिया कि जल्द अधिकारियों से बात करके काम को पूरा करवाया जाएगा। विधायक ने कहा कि वे भी अधिकारियों से बात करेंगे। इस मौके पर नवीन गर्ग, गुलशन ईश पुनियानी, राकेश गर्ग, राजकुमार, सुरेंद्र बतरा, राजेश, सोनू, विजय, सुरेंद्र अग्रवाल व प्रेम मल्होत्रा भी मौजूद रहे।
-----
ये बोले सीनियर डिप्टी मेयर
2 लाख 70 हजार रुपये में नाला बनवाया जा रहा है। समय में काम तो लगता ही है। व्यापारियों की दिक्कत भी जायज है। जल्द काम पूरा करवाएंगे।
राजकमल सहगल, सीनियर डिप्टी मेयर नगर निगम
कच्चा बेरी रोड पर दुकान के बाहर जमा गंदा पानी व मौजूद दुकानदार।
- फोटो : Amar Ujala
कच्चा बेरी रोड पर दुकान के बाहर जमा गंदा पानी व मौजूद दुकानदार।