यदि आपका कोई परिचित खुद का वाहन लेकर रोहतक आना चाहता है तो उसे पहले ही सचेत कर दीजिए, क्योंकि अब शहर के चारों तरफ हाईवे पर टोल देकर ही शहर में प्रवेश कर पाएंगे। पानीपत, दिल्ली और झज्जर हाईवे पर पहले से ही टोल प्लाजा है। अब रोहतक-हिसार हाईवे पर भी वाहन चालकों पर टोल की मार पड़ेगी। मंगलवार रात से एनएचएआई (नेशनल हाइवे अर्थारिटी ऑफ इंडिया) ने हिसार हाईवे पर बने दोनों टोल पर टैक्स की वसूली शुरू कर दी है।
एनएचएआई के रोहतक-हिसार हाईवे पर करीब तीन साल से कार्य चल रहा था, जो अब पूरा हो गया है। कंपनी की तरफ से 100 किलोमीटर लंबे इस हाईवे पर मदीना और रामायण में टोल प्लाजा बनाया गया है, जिसकी शुरुआत मंगलवार रात 12 बजे से कर दी गई। दोनों टोल की शुरुआत होने के बाद यदि इस हाईवे से कोई वाहन आता है तो उसे टोल देना पड़ेगा। इससे पहले रोहतक-पानीपत हाईवे पर भी मकड़ौली गांव, रोहतक-झज्जर हाईवे पर डीघल टोल और रोहतक-दिल्ली हाईवे पर भी वाहन चालकों को टोल देकर गुजरना पड़ता है। खास बात यह है कि इन चारों हाईवे पर सबसे अधिक वाहनों का आवागमन होता है। शहर में आने वाले केवल रोहतक-भिवानी और रोहतक-जींद हाईवे ही ऐसा है, जिस पर कोई टोल नहीं वसूला जाता है। हालांकि इन हाईवे पर भी टोल बनाने की तैयारी चल रही है।
---
170 किलोमीटर के दायरे में तीन जगह होगी जेब ढीली
हिसार से रोहतक की दूरी करीब 100 किलोमीटर है, जिसमें इस हाईवे पर दो टोल बनाये गये हैं। जबकि रोहतक से दिल्ली की दूरी लगभग 70 किलोमीटर है। इस दूरी में भी एक टोल बनाया गया है। यदि कोई व्यक्ति अपना वाहन लेकर हिसार से दिल्ली जाता है तो उसे तीन जगह टोल देना होगा।
---
20 किलोमीटर के दायरे में मिलेगी छूट
नियमानुसार, टोल के 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों के निजी वाहनों को रोजाना टोल देने से निजात मिलेगी। उनका महीने में एक बार पास बनाया जाएगा, जिसके बाद वाहन चालक जब चाहें उस पास को लेकर टोल से गुजर सकते हैं। रोहतक-हिसार हाईवे की बात करें तो दोनों टोल पर लगभग 40 गांवों को पास की सुविधा दी जाएगी।
---
मकड़ौली टोल से गुजरते हैं लगभग 6 हजार वाहन
रोहतक-पानीपत हाईवे पर मकड़ौली में बने टोल के आंकड़े पर नजर डालें तो यहां से प्रतिदिन लगभग 6 हजार वाहन गुजरते हैं, जिनसे रोजाना लगभग 18 से 20 लाख रुपये की वसूली होती है। हालांकि, कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि इस टोल पर उन्हें रोजाना करीब 10 लाख रुपये का घाटा हो रहा है। वाहनों की संख्या उम्मीद से कम है, जिस कारण आय कम होती है।
--
शुरुआत में रखे गए हैं टोल के रेट कम
रोहतक-हिसार हाईवे पर शुरू हुए टोल के नए रेट और बाकी टोल पर लिए जाने वाले रेट में काफी अंतर रखा गया है। कंपनी ने शुरुआत में हिसार हाईवे पर बने टोल के रेट अन्य टोल की तुलना में कम रखे हैं। हालांकि, बाद में रेट बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
यह है रोहतक-हिसार के मदीना टोल के रेट
वाहन एक तरफ 24 घंटे का वापसी शुल्क मासिक पास एकतरफा
कार, वैन, जीप 50 75 1695
हल्के वाणिज्य वाहन, माल वाहक 80 125 2740
बस और ट्रक 170 260 5735
तीन धुरी तक व्यावसायिक वाहन 190 280 6260
बड़े वाहन, सात धूरी या अधिक 330 495 10955
नोट : स्थानीय वाहनों के लिए 235 रुपये का पास बनाया जाएगा।
---------------
यह है रोहतक-हिसार के रामायण टोल के रेट
वाहन एकतरफ 24 घंटे का वापसी शुल्क मासिक पास एकतरफा
कार, वैन, जीप 65 100 2170
हल्के वाणिज्य वाहन, माल वाहक 105 160 3505
बस और ट्रक 220 330 7350
तीन धुरी तक व्यावसायिक वाहन 240 360 8015
बड़े वाहन, सात धूरी या अधिक 420 630 14030
नोट : स्थानीय वाहनों के लिए 235 रुपये का पास बनाया जाएगा।
---------------
यह है रोहतक-पानीपत मकड़ौली टोल के रेट
वाहन एक तरफ 24 घंटे का वापसी शुल्क मासिक पास एकतरफा
कार, वैन, जीप 115 170 3830
हल्के वाणिज्य वाहन, माल वाहक 175 260 5820
बस और ट्रक 350 525 11695
तीन धुरी तक व्यावसायिक वाहन 530 790 17605
बड़े वाहन, सात धूरी या अधिक 695 1045 23220
नोट : यहां पर भी स्थानीय वाहनों के लिए 235 रुपये का पास है।